सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में एक युवक की शादी के दौरान उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती ने मौके पर पहुंचकर दूल्हे को अपना पति बताते हुए शादी रुकवाने की कोशिश की। हालांकि तमाम हंगामे के बीच युवक की शादी संपन्न हो गई। मामला अब गंभीर आरोपों के कारण पुलिस के लिए जांच का विषय बन गया है।

असम की रहने वाली है पीड़िता

पीड़िता पूजा कुमारी, जो असम की रहने वाली है और गुड़गांव में रहकर नौकरी करती थी, ने बलुआ गांव निवासी सुरेंद्र मिश्रा के पुत्र बिशाल कुमार मिश्रा उर्फ विवेक मिश्रा पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, गुड़गांव में ही उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी।

शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप

बातचीत के दौरान आरोपी ने अपने स्कूल में बच्चों के एडमिशन कराने का आग्रह किया, जिसके बाद युवती ने अपने परिचितों के बच्चों का नामांकन भी वहां कराया। इस दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए शादी का वादा किया।

पीड़िता का आरोप है कि इसी भरोसे पर आरोपी ने लंबे समय तक उसके साथ संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात कही, तो आरोपी ने कोर्ट मैरिज से इंकार करते हुए मंदिर में शादी की बात कहकर उसे टाल दिया। कुछ समय बाद आरोपी अचानक संपर्क तोड़कर अपने गांव लौट गया। युवती को बाद में जानकारी मिली कि आरोपी की शादी 5 मई को तय हो चुकी है।

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

इसके बाद उसने गुड़गांव में प्राथमिकी दर्ज कराई, जहां पुलिस ने आरोपी के स्कूल को बंद कराते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी। वहीं, युवती खुद पहाड़पुर थाना पहुंची और शादी रुकवाने की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी को मौके पर गिरफ्तार करने को लेकर असमंजस की स्थिति में रही, जिसके कारण शादी नहीं रुक सकी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: 50 हजार में 50 साल के अधेड़ को बेची गई नाबालिग 1.5 साल बाद बिहार लौटी, तीन महिलाएं गिरफ्तार