सोहराब आलम/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए मोतिहारी पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात के निर्देशानुसार जिले भर में फरार अभियुक्तों के खिलाफ विशेष धरपकड़ और कानूनी कार्रवाई का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में लखौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक फरार हत्यारोपी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर की कुर्की-जब्ती की।
न्यायालय के आदेश पर हुई सख्त कार्रवाई
लखौरा थाना अंतर्गत दर्ज कांड संख्या TR No.-840/24 में वांछित अभियुक्त सतेन्द्र राय, जो गोला पकड़िया (दर्जी टोला) का निवासी है लंबे समय से कानून की गिरफ्त से दूर था। न्यायालय से निर्गत आदेश के बाद पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ आरोपी के घर पर धावा बोला। लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे भारी पुलिस बल ने निर्धारित विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी के घर की कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी ने क्षेत्र के अन्य आपराधिक तत्वों के बीच कड़ा संदेश भेजा है। कुर्की के दौरान पुलिस ने घर के सामानों को ज़ब्त कर लिया जिससे आरोपी के परिजनों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में जारी है अभियान
एसपी स्वर्ण प्रभात ने पदभार संभालने के बाद से ही जिले में क्राइम फ्री मोतिहारी का संकल्प लिया है। उनके सख्त निर्देश पर लगातार ऐसे अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है जो कानून से भाग रहे हैं। पुलिस का स्पष्ट रुख है कि कोई भी अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो वह कानून से बच नहीं पाएगा। आने वाले दिनों में जिले के अन्य थानों में भी इसी तरह की कुर्की और गिरफ्तारी की कार्रवाई देखने को मिलेगी।
अपराधियों में कानून का डर जरूरी
लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियुक्त सतेन्द्र राय हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपी है और घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। बार-बार चेतावनी और आत्मसमर्पण न करने के कारण न्यायालय के माध्यम से यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि समाज में शांति व्यवस्था बहाल रखने और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखने के लिए यह अभियान अनवरत जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने फरार चल रहे अन्य अपराधियों को भी चेतावनी दी है कि वे जल्द से जल्द आत्मसमर्पण कर दें अन्यथा उन्हें भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

