सोहराब आलम/​पूर्वी चंपारण। बिहार में जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस का शिकंजा शराब माफियाओं पर लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात के सख्त निर्देश पर डुमरियाघाट थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में छापेमारी कर एक बड़े शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंक रहा था और जिले में शराब आपूर्ति नेटवर्क का एक अहम हिस्सा माना जाता है।

​कुशीनगर से पकड़ा गया फरार तस्कर

​पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आनंद कुमार (पिता रामदास सहनी, निवासी भालुही, थाना अहिरोलिया, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी डुमरियाघाट थाना कांड संख्या-105/25 में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत वांछित था। जहरीली शराब कांड के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस की विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में छिपा हुआ है जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।

शराब माफियाओं में मचा हड़कंप

एसपी स्वर्ण प्रभात की कार्यशैली ने अपराधियों के मनोबल को पूरी तरह तोड़ दिया है। मोतिहारी पुलिस केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं बल्कि अंतर्राज्यीय स्तर पर भी छापेमारी कर रही है। पुलिस की टीमें दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में जाकर शराब माफियाओं की तलाश कर रही हैं। इसके साथ ही, उन सभी कारोबारियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है जो इस अवैध धंधे में संलिप्त पाए जा रहे हैं।

​किसी को नहीं बख्शा जाएगा: पुलिस प्रशासन

​पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जहरीली शराब कांड के बाद शुरू हुआ यह विशेष अभियान तब तक नहीं थमेगा जब तक जिले से शराब के इस अवैध नेटवर्क की जड़ें पूरी तरह से उखड़ नहीं जातीं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपी आनंद कुमार से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मोतिहारी पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के शराब माफियाओं में भारी हड़कंप मचा हुआ है।