सोहराब आलम/​मोतिहारी। पूर्वी चंपारण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसपी स्वर्ण प्रभात के सख्त निर्देशों के बाद, जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक ढाबे पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अफीम बरामद की है।

​क्या है पूरा मामला?

​पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोटवा थाना क्षेत्र के कदम चौक स्थित एनएच-27 पर संचालित एक ढाबे की आड़ में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। सूचना मिलते ही एसपी ने एक विशेष टीम का गठन किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ढाबे से 56 किलोग्राम डोडा अफीम और 140 ग्राम तरल अफीम बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

​दो तस्कर गिरफ्तार, संचालक फरार

​छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया जा सके। वहीं ढाबा संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने उसे वांछित घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश तेज कर दी है।

​ढाबा सील, एसपी की दो-टूक

​एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि ढाबे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ढाबा मालिक का आपराधिक इतिहास रहा है और पूर्व में भी उसके खिलाफ तस्करी के मामले दर्ज हैं।

​एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया

​नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस ​एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस सफल कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है। पुलिस अब अन्य संदिग्ध अड्डों पर भी नजर बनाए हुए है ताकि मादक पदार्थों की इस चेन को जड़ से समाप्त किया जा सके।