सोहराब आलम/पूर्वी चंपारण। जिले के मोतिहारी में साईं बाबा मंदिर चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। विजयादशमी के दिन मंदिर से हुई चोरी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के मुकुट के साथ नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के तार बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल तक जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। दरअसल, मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र स्थित साईं बाबा मंदिर में नवरात्र के दौरान विजयादशमी के दिन चोरी की घटना हुई थी। चोर मंदिर से कीमती मुकुट लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के बाद पुलिस ने आदापुर के तियर नदी के पास से नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी किया गया मुकुट भी बरामद किया गया है।
मंदिरों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो मंदिरों को अपना निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य पहले मंदिरों की रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही मूर्तियां, मुकुट और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे। गिरोह में हर सदस्य की अलग-अलग जिम्मेदारी तय थी। कोई मंदिरों की रेकी करता था, कोई चोरी की वारदात को अंजाम देता था, जबकि कुछ सदस्य चोरी के सामान को छिपाने और बेचने का काम करते थे।
जांच में नेपाल, उत्तर प्रदेश, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण सहित कई इलाकों में मंदिर चोरी की घटनाओं में इस गिरोह की संलिप्तता की बात सामने आई है।
9 लोग गिरफ्तार
इस पूरे मामले पर सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी का मुकुट भी बरामद कर लिया है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और विभिन्न जिलों में हुई मंदिर चोरी की दूसरी घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

