० पंजाब सीमा के पास सरसिनी गांव के निकट हुआ हादसा, रात की ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे फैक्ट्री मजदूर
अंबाला।हरियाणा के अंबाला जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि निजी बस में सवार 11 मजदूर घायल हो गए। पंजाब सीमा के पास सरसिनी गांव के समीप अनियंत्रित पिकअप और निजी बस की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों की चपेट में आए बाइक चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पंजाब सीमा से सटे सरसिनी गांव के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन की निजी बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसी दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार दोनों वाहनों की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा घायलों को एंबुलेंस की मदद से अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त
मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
हादसे में घायल हुए सभी मजदूर पंजाब के लालड़ू में किराये के मकान में रहते हैं और एक धागा फैक्ट्री में कार्यरत हैं। वे रात की शिफ्ट पूरी करने के बाद निजी बस से अपने घर लौट रहे थे। घायलों की पहचान आशीष (24), सचिन (18), मनोज (28), बलवंत (18), विनोद (28), धर्मेंद्र पासवान (36), राजेंद्र (55), विकास (25), बलविंदर कुमार (40), ओम प्रकाश (27) और समीर (18) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

