दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर के मदनपुर गांव के एक शख्स को अनजान व्यक्ति को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। लिफ्ट लेने वाले शख्स के रास्ते में घात लगा कर बैठे तीन से चार साथियों ने परमलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। पूरा मामला तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
शनिवार को 21 वर्षीय परमलाल ठाकुर अपनी बाइक पर तेंदूखेड़ा से अपने गांव मदनपुर जा रहा था। तभी एक अनजान व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। परमलाल ने इंसानियत दिखाते हुए उस अनजान व्यक्ति की मदद करने की सोची और अपनी बाइक पर बैठा लिया। लेकिन उसे क्या पता था कि यही इंसानियत उन्हें भारी पड़ने वाली है।
कुछ दूर बाद ढलवार तिराहे पर चार पहिया वाहन में बैठे तीन से चार अनजान व्यक्तियों ने परमलाल पर धारदार हथियार सहित लाठी-डंडों से जमकर हमला बोल दिया। इस हमले से घायल परमलाल को कुछ राहगीरों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने परमलाल को नरसिंहपुर रैफर कर दिया जहां जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई है। इस बात की जांच कर रही है कि आखिर परमलाल पर हमले की वजह क्या रही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

