Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में ऑनलाइन ऐप-आधारित वाहन चालकों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। 7 सूत्री मांगों को लेकर ओला (Ola), उबर (Uber), रैपिडो (Rapido) और ओडिशा यात्री (Odisha Yatri) जैसी सेवाओं से जुड़े सैकड़ों कैब, ऑटो-रिक्शा और बाइक चालकों ने महात्मा गांधी मार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया और अपने आंदोलन को और तेज कर दिया। गाड़ियों की बुकिंग न होने के कारण शहर में आम यात्रियों, खासकर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महात्मा गांधी मार्ग पर सैकड़ों ऑटो और कैब खड़े कर चालकों ने नारेबाजी की और मास्टर कैंटीन चौराहे के पास सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। चालक संघ का कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन सरकार या यात्रियों के खिलाफ नहीं है, बल्कि ऑनलाइन ऐप कंपनियों की मनमानी नीतियों और लगातार घटती कमाई के विरोध में है।
सरकार और ऐप कंपनियां मिलकर न्यूनतम और अधिकतम किराया (Fare Regulation) तय करें। पहले प्रति किलोमीटर 15 रुपये मिलते थे, जो अब घटकर 7-8 रुपये रह गए हैं। यात्रियों का इंतजार करने के समय और ग्राहक द्वारा बुकिंग रद्द करने पर चालकों को उचित मुआवजा मिले।
बिना किसी स्पष्ट नियमावली के ऐप-आधारित कंपनियों द्वारा नए वाहनों को जोड़ना बंद किया जाए। बिना किसी जांच के चालकों के अकाउंट ब्लॉक करने की प्रक्रिया पूरी तरह बंद हो।
ऑनलाइन चालक संघ के नेताओं ने स्पष्ट किया है कि 3 दिनों से आंदोलन चलने के बावजूद सरकार या कंपनियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यदि मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक बनाया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

