MP Accident: मध्य प्रदेश के 3 जिलों से भीषण हादसे ने कई जिंदगियां छीन ली। अलग-अलग जगह हुए हादसों में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसर गया।
ट्रैक पार करते समय ट्रेन ने चपेट में आए 3 लोग, 2 की मौत
सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। जिले के थाना बरगवां अंतर्गत ग्राम कसर में रेलवे ट्रैक पार करते समय 3 लोग चपेट में आ गए जिससे 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि तीसरा शख्स जिला अस्पताल में जिंदगी मौत से जूझ रहा है।
घटना कल रात की है जब बरगवां इलाके के कसर रेलवे गेट के पास 3 लोग ट्रैक पार कर रहे थे। इसी बीच दूसरी दिशा से ट्रेन आ गई और यह खौफनाक हादसा हो गया। दुर्घटना में जगनारायण साहू नामक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जबकि जगदीश गुर्जर की अस्पताल पहुंचने से पहले सांसें उखड़ गई। तीसरा शख्स बंधु लाल गुर्जर जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

घटना की खबर मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण और बरगवां टीआई अनिल पटेल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से हॉस्पिटल भिजवाया। बताया जा रहा है पिता-पुत्र, एक साथी के साथ अपनी बेटी को पहुंचाने गांव जा रहे थे। जैसे ही तीनों ट्रैक पर पहुंचे, अचानक ट्रेन आ गई। बेटी थोड़ा पीछे होने से बाल बाल बच गई।
छिंदवाड़ा में कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
शरद पाठक, छिंदवाड़ा। नागपुर रोड स्थित इमलीखेड़ा अंडरपास पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

कार किसी वजह से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है। इमलीखेड़ा अंडरपास क्षेत्र में लगातार बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है।
बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार 2 युवकों की उखड़ी सांसें
दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम।
नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर सेमरीहरचंद में मंगलवार रात 10:30 बजे पुलिया के मोड़ पर हादसा हो गया। बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो बाइक समेत सड़क से 5 फीट नीचे उतरकर पलट गई।
हादसे में बाइक सवार चीचली-नरसिंहपुर निवासी चंद्रमोहन कुशवाह और खरचिली-बनखेड़ी निवासी प्रमोद कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे सोहागपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिया के मोड़ पर तेज रफ्तार और स्पीड कंट्रोल न होने के कारण हादसा हुआ है। सेमरीहरचंद चौकी प्रभारी विवेक यादव की टीम ने क्रेन की मदद से बोलेरो को बाहर निकाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



