शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश एंटी टेरेरिस्ट स्क्वाड (MP ATS) ने देश विरोधी ताकतों और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बार फिर बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। एटीएस ने प्रतिबंधित संगठन पीएफआई (PFI) और अन्य आतंकी संगठनों के संपर्क में रहने वाले शातिर आतंकी शाकिर मेव को गिरफ्तार कर लिया है। शाकिर मेव को आतंकी नेटवर्क का ‘सेकंड कमांडर’ माना जा रहा है। पिछले 3 दिनों के भीतर एमपी एटीएस द्वारा की गई यह तीसरी बड़ी गिरफ्तारी है।
ये भी पढ़ें: बाघ का आतंक: एक ही दिन में अलग-अलग इलाकों में हमला, दो आदिवासी महिलाओं की मौत से दहशत
राजस्थान के अलवर से हुई गिरफ्तारी, रच रहा था आतंकी षड्यंत्र
मिली जानकारी के अनुसार, एमपी एटीएस ने खुफिया इनपुट के आधार पर दबिश देकर आरोपी शाकिर मेव को राजस्थान के अलवर जिले के टप्पुकरा थाना क्षेत्र से धर दबोचा। जांच एजेंसियों के मुताबिक, शाकिर मेव बेहद शातिर है और वह भारत में किसी बड़ी देश विरोधी गतिविधि और हमले की फिराक में था। वह पूरे आतंकी षड्यंत्र का ब्लूप्रिंट और रूपरेखा (प्लानिंग) तैयार करने का मुख्य काम संभालता था।
मोहम्मद फराक का है मुख्य सहयोगी, अफगानिस्तान जाने की थी तैयारी
यह पूरी कार्रवाई हाल ही में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद फराक से पूछताछ के बाद की गई है। शाकिर मेव, मोहम्मद फराक का ही मुख्य सहयोगी है। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है कि आरोपी मोहम्मद फराक युवाओं को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देने के बहाने बरगला रहा था और ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वह खुद अफगानिस्तान जाने की फिराक में था। ये सभी आरोपी प्रतिबंधित संगठन पीएफआई (PFI) सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों के सीधे संपर्क में थे।
ये भी पढ़ें: मुरैना रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा: ट्रेन में आग की अफवाह के बाद पटरी पर उतरे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 की मौत
कोर्ट ने 20 जून तक एटीएस रिमांड पर भेजा
गिरफ्तारी के बाद एमपी एटीएस की टीम आरोपी शाकिर मेव को लेकर भोपाल पहुंची, जहां उसे विशेष न्यायालय (Court) में पेश किया गया। एटीएस ने आतंकी नेटवर्क और उनके भविष्य के प्लान का पर्दाफाश करने के लिए आरोपी की रिमांड मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी शाकिर मेव को 20 जून तक एटीएस की रिमांड पर सौंप दिया है। अब पूछताछ में कई और बड़े चौंकाने वाले खुलासे होने की उम्मीद है।

