शिखिल ब्यौहार, भोपाल। बीते दिनों दिल्ली के जंतर मंतर की बात हो या झारखंड में शिक्षा व्यवस्था के खिलाफत में बड़े आंदोलन की.. इन आंदोलनों में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। ज्यादातर वीडियो अमर्यादित असभ्य और गाली गलौज से भरे, भाषा और शब्दों की सीमाओं को लांघते हुए देश प्रदेश के युवा दिखाई दिए। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुषांगिक संगठन बजरंग दल अब एक नया अभियान शुरू करने जा रहा है। बजरंग दल का दावा है कि इस अभियान में उन्हें युवाओं पर फोकस होगा, जो भारतीय संस्कृति और सभ्यता से भटक चुके हैं। अभियान को लेकर राजनीति भी चरम पर दिखाई दे रही है।

बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख जितेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि युवाओं की विचारधारा भले ही किसी भी प्रकार से किसी की भी विरोध में हो, लेकिन यह चिंता का विषय है कि जंतर मंतर और झारखंड में युवाओं ने सामाजिक मर्यादाओं को तार तार करने वाले असभ्यता का परिचय दिया है। विरोध का विषय पृथक है, दूसरी ओर विरोध का तरीका भी सही होना चाहिए।

राष्ट्र जागरण से जोड़ने चलाया जाएगा अभियान

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो इस बात की साफ तौर पर गवाही दे रहे हैं कि देश की भावी युवा शक्ति भटक रही है। नशे की गिरफ्त में दिशाहीन युवा शक्ति को राष्ट्र जागरण से जोड़ने के लिए बड़ा अभियान चलाया जाएगा। अभियान में जेन जी और जेन अल्फ़ा पर विशेष फोकस होगा। बजरंग दल का कहना है कि आंदोलनों में शामिल युवाओं की भाषा शैली चिंताजनक है। सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर संस्कृत और सभ्य भाषा की जगह अपशब्दों का प्रयोग बढ़ रहा है, जो संस्कृति के लिए सही नहीं है।

पीएम मोदी ने किया था माफ, लेकिन चिंता भी की थी जाहिर

जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान कुछ छात्रों के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा और गालियों के वीडियो वायरल हुए थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन भाषा की मर्यादा बनी रहनी चाहिए। उन्होंने छात्रों की नाराजगी को युवा जोश से जोड़ा और कहा कि मैं इन बच्चों को दिल से माफ करता हूं। गुस्से में कई बार ऐसी बातें हो जाती हैं। हमें उन्हें सही दिशा दिखानी है, दंडित नहीं करना है। पीएम ने अपील की कि असहमति हो तो भी संवाद सभ्यता से हो।

हालत बिगाड़ने वालों को दिख रहे अपने बिगड़े हुए हालात – कांग्रेस

मामले पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर विक्रम चौधरी ने कहा कि देश में हालात बिगड़ने की सीधा जिम्मेदार भाजपा सरकार है। डैमेज कंट्रोल करने के लिए और युवाओं को रिझाने के लिए ऐसे अभियान चलाने की कवायद पहले भी हो चुकी है। आरएसएस और बीजेपी यह बात जानती है कि युवाओं का मोह उनसे भंग हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसा बोया जाएगा फसल वैसे ही मिलेगी। युवा पीढ़ी के गुस्से और उनके व्यवहार की जिम्मेदार सरकार है।

देश की युवा शक्ति का संस्कारी होना जरूरी – बीजेपी

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि जनरेशन चाहे जेन जी हो या जेन अल्फा की.. यह भारत का भविष्य और नई पीढ़ी के बच्चों को सही रास्ता दिखाना उन्हें सही गलत का भेद बताना यह समाज का दायित्व होता है। विरोध और मुद्दे अलग-अलग हैं, लेकिन जिस तरह की भाषा गाली-गलौज की भाषा और भाषा की मर्यादा गिरने का विषय आया वह निश्चित ही चिंता का विषय है। ऐसे में सभी को चिंतित होना चाहिए। चाहे सामाजिक संगठन हो या परिवार हो, पीढ़ी को सुरक्षित करना भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इस पर किसी को हर्ज नहीं होना चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m