नीरज काकोटिया, बालाघाट। कान्हा टाइगर रिजर्व के ग्राम पंचायत कुमादेही अंतर्गत पर्रापुर में बाघ के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटनाक्रम तब हुई जब महिला रात में खटिया में सोयी हुई थी। बाघ पहुंचा और उसे खटिया से उठाकर घर से लगभग 50 मीटर दूर तक ले गया। बचाव करने गये बेटा पर भी बाघ ने हमला का प्रयास किया लेकिन अन्य ग्रामीणों के शोरगुल से वह बाल-बाल बच गया।
आधा सिर खा गया बाघ
जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे शगुनी बाई (50) पति बुधराम धुर्वे अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक बाघ अचानक घर में घुस आया और उसे अपने मुंह में दबाकर बाहर ले गया। घर से लगभग 50 मीटर दूर ले गया और अपना निवाला बना रहा था। बाघ ने आधा सिर खा लिया था।
ये भी पढ़ें: मौत से पहले 19 सेकंड का वीडियो, युवक ने लगाए गंभीर आरोप; 2 साल पहले हुई थी सगाई
बचाने गए बेटे पर भी हमले की कोशिश
घटना के वक्त महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन जाग गये थे। जिसके चलते मोहल्ले के लोग भी एकत्रित हो गये। वहीं महिला का बेटा चैनसिंह ने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया तो बाघ ने उसके ऊपर भी हमला का प्रयास किया। लेकिन टार्च का उजाला व अन्य ग्रामीणों के शोर के कारण बाघ ने अपने शिकार को वही पर छोड़ दिया और भाग गया।
घर पर दरवाजा न होने से अंदर घुसा बाघ
बताया जा रहा है कि बुधराम धुर्वे के मकान में दरवाजा नहीं था। दरवाजा नहीं होने के कारण रात में बाघ अंदर घुस गया और खटिया पर सो रही महिला शगुनी बाई को उठा ले गया। इसके बाद ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल महिला को घर लाया। जहां पर वह जीवित थी लेकिन जब उसे सिविल अस्पताल बैहर पहुंचाया तो कुछ देर में ही उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: पैसा डबल करने का खेल, 17 लाख की ठगी… रिश्तेदार भी निकला गैंग का सदस्य
गांव में दहशत
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बाघ की लगातार आवाजाही पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शव बरामद कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


