प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने जहर खा लिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जहर खाने से पहले 19 सेकंड का वीडियो बनाया था। जिसमें कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने और झूठे मामलों में फंसाने का आरोप लगाया हैं। फिलहाल पुलिस ने मृतक का मोबाइल और वीडियो अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

यह पूरा मामला भैरवगढ़ थाना क्षेत्र का है। जहां धूलमहू गांव के रहने वाले विकास सिंह (26) की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, युवक की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब सामने आया कि अस्पताल ले जाते समय विकास ने अपने मोबाइल से करीब 19 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने कुछ लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और झूठे मामलों में फंसाने के आरोप लगाए हैं।

ये भी पढ़ें: उज्जैन में सस्ते घी पर शिकंजा: बड़नगर में दो जगहों पर छापेमारी, 372 लीटर घी जब्त कर जांच के लिए भेजा

लगाए ये गंभीर आरोप

वीडियो में विकास ने दावा किया कि एक युवती के परिवार ने उससे 10 लाख रुपये लिए थे और उसकी सगाई करवाई थी। बाद में सगाई टूट गई और युवती की शादी दूसरी जगह कर दी गई। विकास का आरोप है कि इसके बाद भी उसे लगातार परेशान किया गया और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज कराए गए। उसने यह भी कहा कि युवती उसके साथ रहने लगी थी, जिसके बाद उस पर कानूनी कार्रवाई हुई। युवक ने वीडियो में बताया कि इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर उसने सल्फास खा लिया।

2 साल पहले हुई थी सगाई, बाद में टूट गया था रिश्ता

जानकारी के अनुसार, करीब दो साल पहले विकास की सगाई एक युवती से हुई थी, लेकिन बाद में रिश्ता टूट गया। इसके बाद युवती का विवाह कहीं और हो गया। परिवार का कहना है कि इसके बावजूद दोनों साथ रहने लगे थे। इसी मामले में युवती के परिजनों ने नागझिरी थाने में विकास के खिलाफ दुष्कर्म और अपहरण का मामला दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि इन मामलों के चलते विकास लंबे समय से मानसिक तनाव में था। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और वीडियो सहित पूरे मामले की हर पहलू की बारिकी से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m