अजय नीमा, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस कड़ी में जिले में सस्ते घी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसा है। टीम ने बड़नगर में दो जगहों पर छापेमार कार्रवाई की और 372 लीटर घी जब्त कर जांच के लिए भेजा।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश और कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को विभाग की टीम ने बड़नगर तहसील में औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान नयापुरा स्थित जय भारत एजेंसी पर ‘श्री कृष्णा देसी घी’ के 200 मिलीलीटर, 500 मिलीलीटर, 1 लीटर और 15 किलोग्राम पैक वाले घी का स्टॉक मिला। जांच में सामने आया कि यह घी इंदौर की वरुण मार्केटिंग से मात्र 360 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा गया था। बाजार कीमत की तुलना में घी काफी कम दाम पर खरीदा जाना संदेहास्पद लगा।
ये भी पढ़ें: मूंग खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था से भड़के किसानः साईंखेड़ा में चक्काजाम और चीचली में जताया विरोध
अधिकारियों ने करीब 337 लीटर घी, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 21 हजार रुपये है। जब्त कर उसके नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। इसके बाद टीम ने महात्मा गांधी रोड, बड़नगर स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। जहां डेयरी मिल्क एगमार्क देसी घी का 35 लीटर स्टॉक मिला। गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण करीब 16,170 रुपये कीमत का यह घी भी जब्त कर लिया गया और उसके नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
ये भी पढ़ें: श्रम निरीक्षक या ठेकेदार! सरकारी आवास से चल रही थी फर्म, पिता के नाम से फर्म बनाकर सरकारी टेंडर लेने के आरोप
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि घी निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


