समीर शेख, बड़वानी। बड़वानी जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक महिला फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच अब उनकी पत्नी और जिला अस्पताल में पदस्थ गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. ऋतु खन्ना ने भी उन पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। इस पूरे मामले को लेकर सामाजिक संगठन भीलीस्तानी सेना ने भी पीड़िता के पक्ष में मोर्चा खोल दिया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन पर जांच का दबाव बढ़ गया है।

पत्नी का बड़ा दावा: ‘शादीशुदा होते हुए की दूसरी शादी, सरकारी क्वार्टर में रखा’

डॉ. ऋतु खन्ना ने बताया कि उनकी शादी 2014 में हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. मनोज खन्ना ने कानूनी तलाक के बिना दूसरी महिला से शादी कर ली है और उसे सरकारी क्वार्टर में रखा हुआ है। इतना ही नहीं, समग्र आईडी में भी उस महिला का नाम दर्ज कराया गया है। डॉ. ऋतु ने आरोप लगाया कि सिविल सर्जन अपने पद का दुरुपयोग कर कर्मचारियों पर दबाव बनाते हैं और अपने पक्ष में ज्ञापन दिलवा रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर भी दबाव में आकर कमजोर धाराओं में मामला दर्ज करने का आरोप लगाया।

ये भी पढ़ें: तहसील के चक्कर काटने वाले सेवानिवृत्त वृद्ध पर FIR! सीधी में बढ़ा बवाल, SP-कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

फिजियोथेरेपिस्ट मामले में पुलिस का बयान, सिविल सेवा नियमों का उल्लंघन?

दूसरी तरफ महिला फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और एफआईआर की मांग पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि POSH एक्ट के तहत गठित आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत कोई भी शासकीय सेवक पहली पत्नी के जीवित रहते और बिना कानूनी तलाक या शासन की अनुमति के दूसरी शादी नहीं कर सकता। ऐसा करना गंभीर सेवा उल्लंघन की श्रेणी में आता है।

ये भी पढ़ें: फर्जी पासपोर्ट रैकेट का भंडाफोड़: बौद्ध अनुयायी बनकर विदेश यात्रा! डबरा से 70 से ज्यादा पासपोर्ट मिले

सिविल सर्जन की सफाई: ‘सारे आरोप बेबुनियाद, नहीं की कोई दूसरी शादी’

इन सभी आरोपों पर अपनी सफाई देते हुए सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना ने आरोपों को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने कहा कि समग्र आईडी को लेकर पत्नी द्वारा दिए गए बयान बेबुनियाद हैं और मूल दस्तावेज उनके पास सुरक्षित हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कोई दूसरी शादी नहीं की है और उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे और मनगढ़ंत हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m