शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक ही परिवार के पांच लोगों का शव बरामद हुआ। चार सदस्यों का शव घर पर मिला। वहीं परिवार के मुखिया की लाश रेलवे ट्रैक पर मिली है। यह पूरा मामला छोला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के पांच लोगों का शव मिला। बताया जा रहा है कि एक बुजुर्ग महिला, एक महिला और दो बच्चों की घर पर लाश मिली। वहीं एक पुरुष का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। मृतकों की पहचान सरस्वती साहू पति सीताराम साहू (50), सोमलता पति नरेंद्र साहू (29), कृति साहू (10), खुश साहू (6) के रूप में हुई है।

जताई जा रही ये आशंका

आशंका है कि पहले परिवार की गला रेतकर हत्या की गई है। इसके बाद परिवार के मुखिया नरेंद्र ने सुसाइड कर लिया। नरेंद्र साहू की लाश थाना सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिली है। सूत्रों की माने तो पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि नरेंद्र साहू (35) ने अपने दो बच्चों, पत्नी और बुजुर्ग मां की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पीएम रिपोर्ट और जांच पड़ताल के बाद ही इस सनसनीखेज मामले का खुलासा हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m