शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अपनी वाजिब मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे MBBS इंटर्न्स पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन और बल प्रयोग किए जाने के बाद डॉक्टरों का आक्रोश फूट पड़ा है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JUDA) ने पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए एमबीबीएस इंटर्न्स के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। आज से प्रदेशभर के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में रूटीन ओपीडी (OPD) और इलेक्टिव ऑपरेशन (OT) सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
ये भी पढ़ें: 7 साल से बंद है ऑफलाइन! CM की घोषणा के बाद ESB के हाथ खड़े, क्या अब नई एजेंसी कराएगी TET परीक्षा?
रातभर सड़क पर डटे रहे इंटर्न्स; जूडा का ऐलान- इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी चालू
पुलिस कार्रवाई के बावजूद गुस्साए MBBS इंटर्न देर रात तक सड़क पर ही डटे रहे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जूडा पदाधिकारियों ने बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक अगले आदेश तक ओपीडी और तय ऑपरेशन थियेटर सेवाएं ठप रहेंगी। हालांकि आम जनता की परेशानी को देखते हुए मानवीय आधार पर अस्पताल में इमरजेंसी, आईसीयू और क्रिटिकल केयर सेवाएं सुचारू रूप से चालू रखी गई हैं।
स्टाइपेंड के मामले में 25वें नंबर पर MP; ओडिशा में मिलते हैं 44 हजार रुपये
प्रदर्शनकारी इंटर्न्स का कहना है कि मध्य प्रदेश में डॉक्टरों का भारी शोषण हो रहा है। वर्तमान में मध्य प्रदेश में इंटर्नशिप के दौरान डॉक्टरों को महज 14,337 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जा रहा है। तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में इंटर्न्स को 44 हजार रुपए तक का स्टाइपेंड मिल रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, स्टाइपेंड देने के मामले में मध्य प्रदेश पूरे देश में 25वें स्थान पर है, जबकि मेडिकल शिक्षा की फीस वसूलने में राज्य देश में 5वें नंबर पर आता है।
ये भी पढ़ें: MP Weather Update: मौसम विभाग का अलर्ट! रीवा-शहडोल संभाग में अगले 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी
‘समान काम तो समान दाम;’ 30 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड की मांग
आंदोलनरत डॉक्टरों का कहना है कि वे भी अन्य राज्यों के इंटर्न्स की तरह ही 12-12 घंटे अस्पतालों में कड़ी मेहनत और समान जिम्मेदारियां निभाते हैं। समान योग्यता और कठिन परीक्षाएं पास करने के बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय दिया जा रहा है। इंटर्न्स की मांग है कि उनका स्टाइपेंड 14,337 रुपये से बढ़ाकर कम से कम 30,000 रुपये प्रति माह किया जाए, जिससे वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



