संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी और निजी महाविद्यालयों में प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ई-प्रवेश प्रक्रिया के दूसरे चरण की आवंटन सूची जारी कर दी है। इस चरण में कुल 1 लाख 25 हजार 917 विद्यार्थियों को स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए महाविद्यालय आवंटित किए गए हैं।
जारी आंकड़ों के अनुसार, स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में 93 हजार 546 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित हुई हैं, जबकि स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों के लिए 32 हजार 371 विद्यार्थियों को कॉलेज आवंटित किए गए हैं। दूसरे चरण की सूची जारी होने के बाद अब प्रवेश प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है।
ये भी पढ़ें: आलीराजपुर में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन: कलेक्ट्रेट का घेराव कर नारेबाजी, पुलिस ने चलाया वॉटर कैनन
शुल्क जमा न करने पर सीट निरस्त
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आवंटित विद्यार्थियों को 7 जून से 13 जून 2026 के बीच निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा कर अपनी सीट सुनिश्चित करनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में शुल्क जमा नहीं करने पर संबंधित सीट स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
विभाग ने की ये अपील
विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम समय तक इंतजार न करें और समय रहते प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें। प्रवेश से जुड़ी सभी जानकारी ई-प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध है, इसलिए छात्र नियमित रूप से पोर्टल का अवलोकन करते रहें।
ये भी पढ़ें: World Poha Day: इंदौर ने ‘विश्व पोहा दिवस’ पर बनाई एक और पहचान, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज
दूसरे चरण की आवंटन सूची जारी होने के साथ ही प्रदेशभर के महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। अब ध्यान उन विद्यार्थियों पर रहेगा, जिन्हें इस चरण में सीट आवंटित हुई है और जो निर्धारित समय सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे या नहीं।

