संजय पाटीदार, भोपाल। रक्षाबंधन पर जहां भाई-बहन एक-दूसरे से मिलने और राखी बांधने के लिए घर पहुंच रहे हैं, वहीं भोपाल के नीलम पार्क में तस्वीर कुछ अलग है। जहां शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग-2 और वर्ग-3 के महिला-पुरुष अभ्यर्थी आठवें दिन भी धरने पर बैठे है। कोई बहन की राखी का इंतजार कर रहा है तो किसी के परिवार को उसके घर लौटने की उम्मीद है। अभ्यर्थी अब शिक्षा मंत्री के आने का इंतजार कर रहे हैं।

दरअसल, अभ्यर्थी 22 अगस्त से पद बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि पात्रता परीक्षा पास करने के बावजूद पद कम होने से बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी चयन से बाहर रह गए है।

रक्षाबंधन का शगुन पदवृद्धि के रूप में दे सरकार

दतिया से धरने में शामिल कविता कुशवाहा ने कहा कि वह आठ दिन से घर नहीं गई हैं। उनकी मांग है कि वर्ग-2 में हर विषय के 3-3 हजार और वर्ग-3 में 25 हजार पद बढ़ाए जाए। कविता ने कहा कि सरकार इस रक्षाबंधन पर पदवृद्धि का शगुन दे। इससे बड़ी खुशी उनके लिए कुछ नही होगी। वह शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के आने का इंतजार कर रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि रक्षाबंधन पर घर नहीं जा पाने का दुख है लेकिन नौकरी की उम्मीद उन्हें धरनास्थल पर रोके हुए है।

उन्होंने शिक्षक पात्रता परीक्षा और सुपर पात्रता परीक्षा पास की है और अच्छे अंक भी हासिल किए है., लेकिन पदों की कमी के कारण चयन नहीं हो सका। पदवृद्धि की मांग को लेकर महिला अभ्यर्थी तीन दिन से भूख हड़ताल पर भी बैठी है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार पदवृद्धि की घोषणा नहीं करती उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m