संजय पाटीदार,भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट बदलने के बाद भाजपा में मचे सियासी घमासान के बीच शनिवार को पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास बुलाया गया। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ बंद कमरे में अहम बैठक हुई। इसे दतिया उपचुनाव से पहले भाजपा के डैमेज कंट्रोल की बड़ी कवायद माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में दतिया में टिकट कटने के बाद हुए विरोध प्रदर्शन, सड़क जाम, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की नाराजगी तथा इस्तीफों के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में माहौल बनाने और संगठन को फिर से एकजुट करने की रणनीति भी तैयार की गई।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दतिया में कुछ कार्यकर्ताओं ने भावावेश में इस्तीफे दिए हैं, लेकिन उन्हें कोई इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा संगठन किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं करेगा। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा भाजपा के सम्मानित वरिष्ठ नेता हैं। उनके मार्गदर्शन में पार्टी दतिया उपचुनाव लड़ेगी और भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
बैठक के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वे संगठन के बुलावे पर भोपाल आए हैं। पार्टी ने जिसे उम्मीदवार बनाया है, उसे जिताने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे। उन्होंने दोहराया कि उनकी किसी से कोई नाराजगी नहीं है और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
दतिया में टिकट बदलने के बाद भाजपा के भीतर जिस तरह विरोध सामने आया, उसके बाद यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। पार्टी अब नाराज कार्यकर्ताओं को साधने, संगठन को एकजुट करने और चुनावी अभियान को गति देने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

