शिखिल ब्यौहार, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 साल पूरे होने पर भाजपा मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत आज शाम 7 बजे उज्जैन के रामघाट पर होगी, जहां BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वरिष्ठ नेतृत्व शिप्रा नदी पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। इसी दिन PM के जन्मदिवस को ‘सेवा पर्व’ के रूप में मनाया जाएगा। कार्यकर्ता प्रदेश के सभी बूथों के लाभार्थियों के घरों में भी दीये जलाएंगे।

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक

स्कूलों में ‘विकसित भारत’ पर चित्रकला-भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान चलेगा। ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक और संगीतमय नाटकों से PM की योजनाओं को गांव-गांव पहुंचाया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम होगा, जिसमें आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और महिला-बाल स्वास्थ्य की जानकारी दी जाएगी। 11,404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ में लाभार्थियों के अनुभव साझा होंगे।

7 से 17 अक्टूबर तक

7 अक्टूबर को हर जिले-गांव में पदयात्रा, साइकिल-बाइक रैली निकलेगी। गुजरात के वडनगर के हाटकेश्वर महादेव से 250 बाइकों पर 500 यात्री जल लेकर वाराणसी जाएंगे और वाराणसी से इतने ही यात्री वडनगर जाएंगे, इनमें से 13 यात्राएं MP से गुजरेंगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ में कार्यकर्ता 25 तरह की सेवाओं में 25 मिनट श्रमदान करेंगे, ‘सेवा सेतु शिविर’ और ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ रंगोली प्रतियोगिता भी होगी। 17 अक्टूबर को ‘सेवा सुशासन संवाद’ में पंच-सरपंच से लेकर PM तक जुड़ेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m