शशांक द्विवेदी, खजुराहो/ छतरपुर। एमपी के छतरपुर के लवकुश नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक अनोखे बच्चे का जन्म हुआ है, जिसके दो की जगह चार हाथ और चार पैर हैं। यानी हेटरोपैगस ट्विन्स (Heteropagus Twins) शिशु को जन्म, शिशु के साथ जुड़े दूसरे भ्रूण के अतिरिक्त अंग जैसे (हाथ, पैर या शरीर का कोई अन्य भाग) हैं। इस दृश्य को देखकर परिजन और अस्पताल के कर्मचारी बेहद अचंभित रह गए। 

देखते ही देखते बच्चे की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।मामले पर डॉक्टर मोनिका ने बताया कि ऐसे केस लाखों में एक होते हैं। जब मां के गर्भ में जुड़वां बच्चे पल रहे होते हैं और भ्रूण का विकास पूरी तरह से नहीं हो पाता तो दूसरा अधूरा भ्रूण पहले बच्चे के शरीर से जुड़ जाता है। इसी कारण बच्चे में अतिरिक्त हाथ-पैर दिखाई दे रहे हैं।

खजुराहो एयरपोर्ट से एयरलिफ्ट हुआ नवजात

जिला अस्पताल के एसएनसीयू प्रभारी डॉ. नीरज द्विवेदी द्वारा नवजात का प्राथमिक उपचार व गहन चिकित्सीय परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आर. पी. गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मृणाल मीना को अवगत कराया। जिसके बाद नवजात को 108 एंबुलेंस के माध्यम से लाइफ सपोर्ट के साथ सुरक्षित रूप से खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचाया गया। खजुराहो एयरपोर्ट से बच्चे को एयर एंबुलेंस की विशेषज्ञ मेडिकल टीम के सुपुर्द (हैंडओवर) किया गया, जिसके बाद शिशु को तुरंत जबलपुर के लिए रवाना किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m