हेमंत शर्मा/चंकी बाजपेयी, इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव नई दिल्ली से लौटने के बाद इंदौर पहुंचे। जहां उन्होंने देवास पटाखा फैक्ट्री हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में आरोपियों को छोड़ नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एमपी सरकार मृतक परिवार और घायलों के साथ में खड़ी है।
सीएम डॉ मोहन यादव गुरुवार को नई दिल्ली से लौटने के बाद इंदौर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एमवाय और चोइथराम हॉस्पिटल पहुंचकर देवास में हुई घटना में प्रभावितों से मिले और उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: MP के देवास में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: 3 की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल, धमाके से दहल उठा पूरा इलाका

दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई- मुख्यमंत्री
वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में आरोपियों को छोड़ नहीं जाएगा। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग आरोपियों पर एनएसए की कार्यवाही करेगा। सरकार मृतक परिवार और घायलों के साथ में खड़ी है। दोबारा से ऐसी दुर्घटना ना हो उसको सुनिश्चित किया जाएगा।
फैक्ट्री मालिक पर रासुका की कार्रवाई
इधर, देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने आरोपी अनिल मालवीय के विरुद्ध रासुका की कार्रवाई की है। आरोपी अनिल मालवीय को गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्यवाही पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट पर पटाखा लाइसेंस का गलत तरीके से उपयोग करने और नियम शर्तों का पालन नहीं करने पर की गई।

ये भी पढ़ें: देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: CM डॉ मोहन ने दुख जताते हुए दिए घटना की जांच के आदेश, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख मुआवजा
मजिस्ट्रियल जांच के लिए इन्हें सौंपी जिम्मेदारी, एक हफ्ते में देंगे रिपोर्ट
वहीं मजिस्ट्रियल जांच के लिए अधिकारियों को नियुक्त किया गया हैं। उज्जैन के अपर कलेक्टर अतेंद्र सिंह गुर्ज, और इंदौर के औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा अधिकारी संचालक नमिता तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी है। यह कमेटी अग्नि दुर्घटना और विस्फोट के संभावित कारण, Explosive Rules के विभिन्न प्रावधान के पालन की स्थिति, National Building Code, 2016 के प्रावधान के पालन कि स्थिति, घटना स्थल व जिले में अन्य जारी अनुज्ञप्तियों की स्थिति, दुर्घटना स्थल पर जारी किये गये अनुज्ञप्तियों की वस्तुस्थिति समेत अन्य विभागों की भूमिका की जांच करेगी। जांच अधिकारी एक हफ्ते के अंदर रिपोर्ट देंगे।

ये है पूरा मामला
गौरतलब है कि देवास जिले के टोंककला बारूद फैक्ट्री में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 11:30 बजे अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। ब्लास्ट इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में घायल तीन मरीजों को इलाज के इंदौर भेजा गया। तीनों घायल 80-90 प्रतिशत तक जले है। जिन्हें एमवाय अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। फैक्ट्री धमाके के कारणों का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हो पाया है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा के मद्देनजर घेर लिया गया है।


