धर्मेंद्र योगी, खातेगांव। देवास जिले के खातेगांव अंतर्गत कन्नौद क्षेत्र से सूदखोरी और दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां इलाज के लिए लिए गए 30 हजार रुपये के कर्ज के एवज में 60 हजार रुपये लौटा देने के बावजूद सूदखोरों ने पीड़ित परिवार का जीना मुहाल कर दिया। डेढ़ लाख रुपये की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर गुंडों ने गरीब बस्ती में घर में घुसकर मारपीट की और प्रताड़ना की हदें पार करते हुए पत्नी व 10 साल की मासूम बेटी को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की। हालांकि, कन्नौद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नाकाबंदी कर चार आरोपियों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें: ‘मैं पूर्व मंत्री का भतीजा हूं’… AC सेंटर में घुसकर दबंगई का आरोप, CCTV में कैद पूरा हंगामा

इलाज के लिए लिया था कर्ज, शहर बदला तो वहां भी पहुंच गए सूदखोर

कन्नौद टीआई तहजीब काजी के अनुसार पीड़ित ने शाजापुर जिले के भीमपुरा निवासी हसीब उर्फ रहमान से अपनी पत्नी और बच्चों के इलाज के लिए 30 हजार रुपये उधार लिए थे। पीड़ित ने समय रहते दोगुनी रकम यानी 60 हजार रुपये लौटा दिए, फिर भी सूदखोर हसीब लगातार 1.5 लाख रुपये देने का दबाव बनाकर धमकियां देने लगा। धमकियों और प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित परिवार शुजालपुर छोड़कर देवास जिले के कन्नौद में रहने लगा था। लेकिन आरोपी अपने साथियों के साथ वहां भी पहुंच गए और घर में घुसकर तांडव मचाया।

ये भी पढ़ें: आलीराजपुर में घर के बाहर तेंदुए की दस्तक, मचा हड़कंप, दहशत में रहवासी

नाकाबंदी कर पुलिस ने दबोचा; 3 खटकेदार चाकू और कार जब्त

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित घेराबंदी और नाकाबंदी कर कार से भाग रहे आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने कार सवार मुख्य आरोपी हसीब उर्फ रहमान, आशिक, आरिफ और अशोक के कब्जे से तीन अवैध खटकेदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने और कितने लोगों को अवैध ब्याज और सूदखोरी के जाल में फंसाकर प्रताड़ित किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m