शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं की जेब पर एक बार फिर डाका डालने की तैयारी कर हो चुकी है। ऊर्जा विभाग और बिजली कंपनियों ने मिलकर ‘टाइम ऑफ द डे’ (Time of the Day) योजना के नाम पर उपभोक्ताओं को मिलने वाली एक बड़ी राहत को चुपचाप खत्म कर दिया है। नए नियम के तहत अब रात के समय बिजली उपयोग पर मिलने वाली रियायत को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसकी जगह अब दिन के वक्त बिजली उपयोग पर 20 फीसदी छूट देने का ऐसा नियम थोपा गया है, जिसका फायदा उठा पाना आम उपभोक्ता के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।

ये भी पढ़ें: अब छप्पन भोग नहीं, प्रभु पिएंगे जड़ी-बूटियों का काढ़ा! नर्मदापुरम में महास्नान के बाद एकांतवास में गए भगवान जगन्नाथ

रात की कतरन, दिन में ‘शर्तों’ की छूट: जनता में भारी आक्रोश

बिजली कंपनियों के इस नए गणित ने आम उपभोक्ताओं के बजट को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है। सरकार का तर्क है कि वह दिन में सोलर एनर्जी के इस्तेमाल को बढ़ावा देना चाहती है, लेकिन जमीन पर इसका असर कुछ और ही होने वाला है।

नियमों के पीछे का ‘खेल’ और जनता का नुकसान

नया नियम कहता है कि सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली इस्तेमाल करने पर 20% की छूट मिलेगी। अब सवाल यह उठता है कि इस दौरान मध्यमवर्गीय और कामकाजी परिवार तो अपने दफ्तरों, दुकानों या काम पर होते हैं। घरों में ताले लटके होते हैं। ऐसे में इस छूट का फायदा आम जनता को कम और बंद पड़े घरों को ज्यादा मिलेगा।

लोग दिनभर की थकान के बाद रात को घर लौटते हैं और कूलर, एसी या भारी घरेलू उपकरण चलाते हैं। अब रात की छूट खत्म होने से उपभोक्ताओं का मंथली बिजली बिल सीधे तौर पर बढ़ने वाला है।

यह छूट भी केवल उन घरेलू और स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मिलेगी जिनके यहां आधुनिक मीटर लगे हैं। जिन इलाकों में अभी भी पुराने मीटर हैं, वहां के उपभोक्ताओं को इस जटिल गणना के फेर में सिर्फ उलझकर रहना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें: किस्मत हो तो ऐसी! 2 साल पहले मिले 93 लाख, अब पन्ना में उसी आदिवासी परिवार को मिला 30 लाख का हीरा

छोटे व्यापारियों और छात्रों पर दोहरी मार

इस फैसले से सबसे ज्यादा नाराजगी छोटे कारोबारियों और घर पर रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों में है। दोपहर के समय जब बिजली की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब वैसे ही कई इलाकों में अघोषित कटौती का सामना करना पड़ता है। अब रात की सब्सिडी खत्म होने से छोटे कारखाने, वर्कशॉप और रात में दुकानें संचालित करने वाले व्यापारियों की लागत बढ़ जाएगी, जिससे अंततः महंगाई की मार आम आदमी पर ही पड़ेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m