इदरीश मोहम्मद, पन्ना। कहते हैं कि जब ऊपरवाला देता है तो छप्पर फाड़कर देता है। मध्य प्रदेश के पन्ना की धरती ने एक बार फिर एक गरीब आदिवासी परिवार पर धनवर्षा की है। चुनुवाद आदिवासी के बेटों की किस्मत का सिक्का एक बार फिर ऐसा चमका कि वे रातों-रात लखपति बन गए हैं। दो साल पहले मिले 93 लाख रुपए के हीरे के बाद अब इस परिवार के हाथ एक और बेशकीमती हीरा लगा है।

ये भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल में लापरवाही की इंतेहा: 19 माह के मासूम की आंखों में डाला नोजल ड्रॉप, हमेशा के लिए चली गई आंखों की रोशनी

अहिरगवां की खदान से मिला 11.19 कैरेट का हीरा

यह मामला पन्ना के अहिरगवां क्षेत्र का है जहां एक निजी भूमि पर चल रही हीरा खदान से सोमवार  को एक चमचमाता हीरा बाहर आया। हीरा 11.19 कैरेट का है और उच्च कोटि की ‘जेम्स क्वालिटी’ का है। विशेषज्ञ इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए बता रहे हैं।

राकेश गौड़ ने इसी साल अप्रैल के महीने में खदान का सरकारी पट्टा बनवाया था। उन्होंने अपने भाइयों और 4 रिश्तेदारों के साथ मिलकर यह खदान लगाई थी। करीब दो महीने की खून-पसीना एक करने वाली कड़ी मेहनत के बाद आज उनकी किस्मत का दरवाजा खुल गया।

हीरा मिलते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने तुरंत पन्ना के हीरा कार्यालय पहुंचकर इसे आधिकारिक तौर पर जमा करा दिया है। अब इस हीरे को आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा।

2 साल पहले मिला था 93 लाख रुपए का विशाल हीरा!

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली और दिलचस्प बात यह है कि इस आदिवासी परिवार की किस्मत पहली बार नहीं चमकी है। इससे पहले साल 2024 में भी इसी परिवार को 19.22 कैरेट का एक विशाल हीरा मिला था। जब उस हीरे की सरकारी नीलामी हुई तो वह रिकॉर्ड 93 लाख रुपए में बिका था।

93 लाख रुपए जैसी भारी-भरकम रकम मिलने के बाद भी इस जमीन से जुड़े जमीनी परिवार ने मेहनत करना नहीं छोड़ा। राकेश आदिवासी और उनके भाइयों ने अपनी कर्मभूमि से नाता नहीं तोड़ा और फिर से खदान में जुट गए।

ये भी पढ़ें: दर्दनाक हादसा: बेलगाम ट्रक ने 2 वर्षीय मासूम को कुचला, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत, चालक फरार

परिवार ने जताया भगवान का आभार

इस मामले में राकेश का कहना है कि ऊपरवाले की कृपा है कि हमें दोबारा हीरा मिला। इस बार नीलामी से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल भी हम आगे नई खदान लगाने और अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देने के लिए करेंगे। हम अपनी मेहनत जारी रखेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m