राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। एक हफ्ते के अंदर पेट्रोल डीजल की कीमतों में दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है। इसे लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने राज्य सरकार से पेट्रोल और डीजल पर टैक्स में कमी कर 10 रुपये प्रति लीटर राहत देने की मांग की है। कमलनाथ ने कहा कि सरकार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में वृद्धि के पीछे अंतरराष्ट्रीय कारण बता रही है, लेकिन सचाई यह है कि मध्य प्रदेश की जनता के लिए बाहरी कारणों की तुलना में राज्य सरकार के टैक्स कीमत वृद्धि का सबसे बड़ा कारण है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- ‘एक हफ़्ते के भीतर पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में दुबारा वृद्धि की गई है। पेट्रोल और डीजल आज मंगलवार से 90 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश की तुलना में पेट्रोल की कीमत औसतन 13 रुपए और डीजल की कीमत 4 रुपए प्रति लीटर अधिक है। मध्य प्रदेश सरकार पेट्रोल पर 29 % वैट + 2.5 रुपए + 1% सेस ले रही है, वहीं डीजल पर मध्य प्रदेश सरकार 19 % वैट + 1.5 रुपए + 1% सेस ले रही है। स्पष्ट है कि मध्य प्रदेश के नागरिक पेट्रोल पर 30 रुपए से अधिक और डीजल पर 20 रुपए से अधिक टैक्स के रूप में राज्य सरकार को दे रहे हैं। इस टैक्स का अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से कोई संबंध नहीं है।’
ये भी पढ़ें: MP में ईंधन के दाम 90 पैसे बढ़े: भोपाल में पेट्रोल @110.75, कैबिनेट विस्तार और रिपोर्ट कार्ड पर कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग
टैक्स में कटौती की मांग
उन्होंने आगे कहा कि ‘इस कारण भोपाल में एक लीटर पेट्रोल 110.75 रुपए और डीजल 95.91 रुपए का हो गया है। इंदौर-जबलपुर में प्रति लीटर पेट्रोल के नए रेट 110.79 रुपए, ग्वालियर में 110.69 रुपए और उज्जैन में 111.27 रुपए हो गए हैं। वहीं, उज्जैन में डीजल 96.40 रुपए में मिलेगा। यह भोपाल में 95.91 रुपए, इंदौर में 95.97 रुपए, जबलपुर में 95.98 रुपए और ग्वालियर में 95.86 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा। मैं मांग करता हूं कि मध्य प्रदेश सरकार तत्काल इस टैक्स में कटौती करे ताकि मध्य प्रदेश की जनता को सबसे महंगा डीजल और पेट्रोल नहीं ख़रीद पड़े।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- मध्य प्रदेश को हो रहा राजस्व नुकसान
कमलनाथ ने सरकार से डीजल और पेट्रोल की कीमतों में 10 रुपए प्रति लीटर की कमी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ‘टैक्स कम करने से ना सिर्फ़ जनता को फ़ायदा होगा बल्कि सरकार को भी नुकसान नहीं होगा। डीजल महंगा होने की वजह से ट्रक और अन्य भारी वाहन प्रदेश की तुलना में अन्य राज्यों से तेल भरवाना बेहतर समझ रहे हैं। इसके अलावा सीमावर्ती जिला के लोग अन्य प्रदेश से ईंधन ले रहे हैं। इससे मध्य प्रदेश को राजस्व नुकसान हो रहा है।’
BJP के पूर्व विधायक ने कही ये बात
वहीं बीजेपी के पूर्व विधायक धैर्यवर्धन शर्मा ने कहा कि सरकार मजबूरी से समय-समय पर आंशिक पेट्रोल डीजल में वृद्धि कर रही है। कांग्रेस पार्टी में बड़े-बड़े भविष्य वक्ता बैठे है। कांग्रेस कुछ भी बोल सकती हैं। कांग्रेस की बातों पर ना जाते हुवे वैश्विक हालतो को देखना चाहिए। सरकार वैकल्पिक कदम उठा रही है ताकि ज्यादा मूल्य वृद्धि न हो।
ये भी पढ़ें: रीवा मे NSUI का उग्र प्रदर्शन: डिप्टी सीएम के आवास का घेराव, पुलिस ने वाटर कैनन छोड़ा
मप्र में पेट्रोल डीजल पर कितना टैक्स: पेट्रोल-डीजल का आज का रेट
भोपाल
- पेट्रोल- 110.75 रुपए प्रति लीटर
- डीजल- 95.91 रुपए प्रति लीटर
लखनऊ
- पेट्रोल- 98.40 रुपए प्रति लीटर
- डीजल- 91.73 रुपए प्रति लीटर
रायपुर
- पेट्रोल- 104.32 रुपए प्रति लीटर
- डीजल- 97.38 रुपए प्रति लीटर
जयपुर
- पेट्रोल- 109.32 रुपए प्रति लीटर
- डीजल- 94.50 रुपए प्रति लीटर
मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर कितना TAX
- पेट्रोल पर वैट- 29 प्रतिशत
- अतिरिक्त वैट चार्ज – 2.50 रुपए प्रति लीटर
- उपकर- ईंधन की बिक्री पर एक प्रतिशत
- डीजल पर वैट – 19 प्रतिशत
- अतिरिक्त वैट चार्ज- 1.50 रुपए प्रति लीटर
- उपकर- ईंधन की बिक्री पर एक प्रतिशत
- इसके अलावा केंद्रीय उत्पाद शुल्क भी लगाया जाता है।

