बालाघाट। कांग्रेस पार्टी ने अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामकुमार नागपुरे को 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय उइके ने इस संबंध में निष्कासन का आदेश जारी किया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में शरद पूर्णिमा के मौके पर एक सार्वजनिक मंच से रामकुमार नागपुरे ने अपनी ही पार्टी के वारासिवनी विधायक विवेक पटेल के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की थी। मंच से दिए गए बयान में उन्होंने कहा था- “इसे जूते की माला पहनाओ और मैं भी जूते मारूंगा।”

उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसके बाद पार्टी के भीतर और राजनीतिक गलियारों में इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। पार्टी की छवि धूमिल होने और अनुशासनहीनता के गंभीर मामले को देखते हुए जिलाध्यक्ष संजय उइके ने यह सख्त कदम उठाया है और उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m