राकेश चतुर्वेदी/कर्ण मिश्रा, भोपाल। मध्य प्रदेश में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भिंड में तीन किशोर डूब गए। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी हो रही है। अब शनिवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा। इधर, झाबुआ जिले में सहेलियों के साथ गणेश विसर्जन करने तालाब गई एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई।

भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के कनावर में गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहां कनावर के कुंवारी नदी में गणपति विसर्जन करने गए तीन किशोरों के डूबने की खबर है। घटना की सूचना मिलते ही ऊमरी पुलिस मौके पर मौजूद पहुंची। फिलहाल तीनों किशोरों की तलाश नहीं हो सकी है, सुबह होते ही फिर से रेस्क्यू शुरू किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: गणेश विसर्जन करने गए थे, लौटकर आईं अर्थियां! धार के बदनावर में बड़ा हादसा, तीन युवकों की डूबने से मौत

डूबने वाले लड़कों में कनावर निवासी कृष्णा (17) , अभिजीत (16) और मदन (17) शामिल है। यह सभी गणपति विसर्जन के लिए पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 5 जोड़ी चप्पल नदी के किनारे छूटी हुई हैं और भी लोग हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि कुल तीन किशोरों के नाम ही सामने आए हैं।

झाबुआ में तालाब में डूबी नाबालिग लड़की

इधर, झाबुआ जिले की खवासा चौकी अंर्तगत ग्राम चापानेर में गणेश विसर्जन के दौरान बालिका पुष्पा मोहन (12) गणावा निवासी चापानेर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह अपनी सहेलियों के साथ गणेश विसर्जन करने के लिए तालाब पर पहुंची थी। इसी दौरान पुष्पा तालाब में डूब गई। अन्य बालिकाओं ने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें: खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा: पानी से भरी खदान में डूबे बच्चे, 3 सुरक्षित, 2 सगे भाई लापता

अपील

यह कोई पहला हादसा नहीं है, इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी है। इसलिए इन हादसों से सीख ले और गहरे पानी में उतरने से बचे। स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की ओर से तय किए गए सुरक्षा घेरे और घाटों के नियमों का सख्ती से पालन करें। गहरे पानी में छलांग न लगाए। सबसे खास अपील यह है कि विसर्जन तयशुदा और सुरक्षित स्थानों पर ही करें, जिन जगहों पर प्रशासनिक गोताखोर, लाइफ जैकेट और बचाव दल मौजूद हो, वहां पर भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जित करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m