एस आर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश के गुना में सूदखोरी ने 38 साल के किसान की जान ले ली। पैसे चुकाने पर भी गिरवी रखी चांदी वापिस न मिलने पर किसान तंग हो गया और उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस पर भी कार्रवाई न करने के आरोप लगे हैं।
दरअसल, तिलवाड़ा गांव के किसान मनोज राठौर ने 2 साल पहले मारकी महू के एक व्यक्ति के पास 960 ग्राम चांदी 20 हजार में गिरवी रखी थी। 1 साल बाद मनोज ने उसे ब्याज सहित 25 हजार लौटा दिए, लेकिन फिर भी चांदी वापस नहीं मिली। शख्स ने उसे ‘कल आना’ कहकर 1 साल तक चक्कर लगवाए और परेशान किया।
18 जुलाई को मनोज ने सिरसी थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय मांगा था लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उसने शिकायत आवेदन में लिखा था, ‘करीब 2 साल पहले मारकी महू के दारा सिंह धाकड़ (डॉक्टर) को 20000 रुपये में करीबन 960 ग्राम चांदी की रकम गिरवी रखी थी जिसके मैने ब्याज समेत 25000 रुपये करीबन 1 साल पहले ही दे दिए थे। लेकिन दारा सिंह ने मेरी रकम नहीं दी और मुझसे बोला कि कहीं रखी है, मैं ढूंढ कर एक दो दिन में दे दूंगा। तब से आज तक दारा सिंह हर बार आज कल करते हुए टालता आ रहा है।
18 जुलाई को मैं दारा सिंह के दुकान पर गया और मैने अपनी रकम मांगी तो वह मुझसे बोलने लगा कि कौन सी रकम, मेरे पास कोई रकम नहीं है, यह कहते हुए मुझसे गाली-गलौज करने लगा। मैंने गालियां देने से मना किया तो दारा सिंह ने मेरे साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट की और मुझे जमीन पर कीचड़ में गिरा दिया जिससे मेरे दाहिने तरफ पसली में चोटें आई हैं।’
पैसे देने और चांदी वापस न मिलने पर किसान मानसिक तनाव में आ गया और 1 अगस्त को उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। मारकी महू से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मनोज के वीडियो भी वायरल है जिसमें उसने अपनी पीड़ा बताई है। सिरसी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


