कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों की त्रासदी के बाद प्रदेशभर में आबकारी विभाग सख्त अलर्ट मोड पर आ गया है। आबकारी आयुक्त के निर्देश और कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत आबकारी टीम ने ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और आबकारी की टीम ने हाईवे पर स्थित ‘महाकाल पंडित ढाबे’ पर अचानक छापेमारी कर करीब 2300 लीटर स्प्रिट यानि इथेनॉल और भारी मात्रा में अवैध देशी-विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया है। मौके से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
ये भी पढ़ें: मुरैना 2021… सागर 2026! एक ही अफसर के कार्यकाल में क्यों दोहराई मौतों की पटकथा? शराब कांड पर भड़की कांग्रेस
12 ड्रमों में छिपाकर रखा गया था असुरक्षित इथेनॉल
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने जब महाकाल पंडित ढाबे की तलाशी ली तो वहां छिपाकर रखे गए 12 प्लास्टिक ड्रमों से 2300 लीटर जहरीला स्प्रिट बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह स्प्रिट मानव सेवन के लिए बेहद असुरक्षित पाया गया है। कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने मोहना निवासी अनिल शर्मा, श्योपुर निवासी सौरभ गुर्जर और मोहना निवासी अरवाज खान को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: काजी कैंप पर मिसाइल दाग दो! BJP विधायक के बयान पर सियासी बवाल; कांग्रेस बोली- ‘इस्लामाबाद में है ही नहीं’
32 लाख की बनती अवैध शराब; पेट्रोल में मिलावट की भी आशंका
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, यदि इस 2300 लीटर स्प्रिट का इस्तेमाल शराब बनाने में होता तो इससे करीब 32 लाख रुपये मूल्य की खतरनाक और अमानक शराब तैयार की जा सकती थी। छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में पेट्रोल और थिनर भी बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी इस स्प्रिट का उपयोग पेट्रोल में मिलावट करने के लिए भी कर रहे थे। मामले में आगे की जांच के लिए सामग्री को संबंधित पुलिस अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया है। विभाग का साफ कहना है कि अवैध और जहरीली शराब के सिंडिकेट के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



