कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में महज 20 हजार रुपये के लेनदेन ने एक युवक की जान ले ली गई। मुरार थाना क्षेत्र में पैसे के विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि चार लोगों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। वहीं बेटे को बचाने पहुंची मां भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दरअसल, यह सनसनीखेज वारदात मुरार थाना क्षेत्र के हाथी खाना इलाके की है। जहां मोनू राजे ने कुछ समय पहले पड़ोसी गोलू कटारे से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मुंहवाद फिर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान गोलू कटारे घर से चाकू लेकर आया और उसने मोनू पर ताबड़तोड़ वार कर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मोनू की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: जीवाजी यूनिवर्सिटी में NSUI का हंगामा: सहायक कुलसचिव की नेम प्लेट पर कालिख, दीवारों पर नारे, EOW जांच की मांग
वारदात के बाद आरोपी फरार, लगे ये गंभीर आरोप
वहीं हमले के दौरान जब मोनू की मां सुनीता अपने बेटे को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुनीता का अस्पताल में इलाज शुरू हुआ। फरियादी पक्ष ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी गोलू कटारे के अलावा उसके पिता भगवानदास कटारे, भाई नवीन कटारे और बहन रजनी कटारे भी वारदात में शामिल थे।
ये भी पढ़ें: मां की मृत्यु के बाद टूटा बचपन: शराबी पिता की मार से तंग आकर घर छोड़ निकले पांच मासूम, पुलिस बनी सहारा
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इधर, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

