हेमंत शर्मा, इंदौर। पुलिस की 7 सितंबर की DSR यानी डेली क्राइम रिपोर्ट ने शहर में एक दिन के अपराध का पूरा खाका सामने रखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, एक ही दिन में 78 FIR दर्ज हुईं। इनमें चोरी, मारपीट, घरेलू विवाद, सड़क हादसे, अपहरण, ऑनलाइन ठगी, अवैध शराब, NDPS और जुआ जैसे मामले शामिल हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली तस्वीर चोरी और सड़क हादसों की है। एक दिन में 13 चोरी के मामले दर्ज हुए, जबकि करीब 20 सड़क दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत का उल्लेख है। इसके अलावा करीब 20 मामलों में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी जैसे विवाद सामने आए।
एक दिन में 13 चोरी! कहीं बाइक गायब तो कहीं घर से लाखों का माल साफ
DSR में एक दिन में 13 चोरी से जुड़े मामले दर्ज हुए। इनमें मोटरसाइकिल चोरी, घर और दुकान में सेंधमारी, नकदी-ज्वेलरी चोरी, लैपटॉप, स्कूटी और सरकारी सामान चोरी के मामले शामिल हैं। एक मामले में घर से 3 लाख 2 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई। वहीं एक दुकान से 56 हजार रुपए नकदी चोरी होने का मामला सामने आया।
सरकारी प्रयोगशाला का ताला तोड़कर करीब 50 हजार कीमत का लैपटॉप चोरी किए जाने की शिकायत भी दर्ज हुई। एक गोदाम से नाइट्रेट मिक्सर के बॉक्स और करीब 375 मीटर डेटोनेशन फ्यूज चोरी होने की शिकायत है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा मोटरसाइकिल चोरी और बिजली लाइन से एल्युमिनियम तार चोरी का मामला भी DSR में दर्ज है। यानी चोरी का तरीका भी अलग-अलग कहीं घर निशाने पर, कहीं दुकान, कहीं बाइक तो कहीं सरकारी सामान।
लूट नहीं, लेकिन 500 के लिए धमकी-मारपीट, नशे के लिए पैसे मांगने वालों का दुस्साहस
7 सितंबर की DSR में लूट की कोई FIR दर्ज नहीं दिखाई देती, लेकिन एक मामला ऐसा है जिसमें 500 रुपए को लेकर विवाद हुआ। शिकायत के मुताबिक दो आरोपियों ने एक युवक से नशा करने के लिए 500 रुपए मांगे। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने के लिए दौड़ने का आरोप है। यह मामला भले लूट की श्रेणी में दर्ज नहीं हुआ हो, लेकिन नशे के लिए पैसों की मांग और धमकी शहर में बढ़ते नशे से जुड़े अपराधों पर सवाल जरूर खड़े करती है।
इंदौर में बात-बात पर उठे हाथ! 20 मारपीट के मामले, 55 नामजद आरोपी
DSR में करीब 20 मामले मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, धक्का-मुक्की और शारीरिक प्रताड़ना से जुड़े सामने आए। इन मामलों में कम से कम 55 आरोपियों या संबंधित व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं। खड़गांव थाना क्षेत्र के सोनवार गांव में पुराने विवाद को लेकर 7 लोगों पर दो व्यक्तियों से तलवार, कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और लट्ठ से मारपीट करने का आरोप है। दोनों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट लगने और जान से खत्म करने की धमकी दिए जाने की शिकायत है।
- विजयनगर में चाबी को लेकर विवाद में तीन महिलाओं के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की शिकायत सामने आई।
- परदेशीपुरा में पुराने विवाद को लेकर दो आरोपियों पर हाथ-मुक्कों से मारपीट करने का आरोप है। एक आरोपी द्वारा बेल्ट से सिर पर वार करने की शिकायत भी दर्ज हुई।
- रावजी बाजार में तीन आरोपियों पर गाली-गलौज, मारपीट और धारदार वस्तु से पैर पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
- यानी विवाद छोटा हो या पुराना- कई मामलों में उसका रास्ता सीधे थाने तक पहुंचा।
दहेज के लिए 5 लाख की डिमांड, घर से निकाला
महिला अपराध से जुड़े मामलों में भी गंभीर शिकायतें सामने आईं। एक महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में 5 लाख रुपए लाने का दबाव बनाया गया और मानसिक-शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वहीं एक अन्य मामले में कार की मांग को लेकर महिला के साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना किए जाने की शिकायत दर्ज हुई। घरेलू विवादों के ये मामले बताते हैं कि अपराध की तस्वीर सिर्फ सड़क और बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि घर की चारदीवारी के भीतर के विवाद भी पुलिस रिकॉर्ड का हिस्सा बन रहे हैं।
सड़क पर रफ्तार बनी मौत का सौदा! 20 हादसे, 6 जिंदगियां खत्म
DSR में करीब 20 सड़क हादसे और दुर्घटना से जुड़े मामले सामने आए। इनमें तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने जैसी शिकायतें प्रमुख हैं। रिपोर्ट में 5 अलग-अलग FIR में मौत का उल्लेख है और इन मामलों में कुल 6 लोगों की मौत सामने आती है। बाणगंगा में कार हादसे में धर्मेंद्र उर्फ राज सुनेरा और नंदकिशोर सोलंकी की मौत की जानकारी है। एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल में मौत होने का उल्लेख है।
- सिमरोल में हादसे में घायल लोकेश ने बाद में अस्पताल में दम तोड़ दिया।
- कनाड़िया में बाइक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत का मामला दर्ज हुआ।
- पिगडंबर में कंटेनर की टक्कर से अथर्व की मौत और शैलेश सिंह के घायल होने की जानकारी है।
- वहीं सिड़िया क्षेत्र में अज्ञात एक्टिवा चालक की टक्कर से एक महिला की मौत का मामला भी DSR में दर्ज है।
- सड़क पर नियमों और रफ्तार की कीमत कितनी भारी पड़ सकती है, इसका अंदाजा इन मामलों से लगाया जा सकता है।
एक दिन में अपहरण के 4 केस
कहीं युवक गायब, कहीं बेटी को उठा ले जाने की शिकायत… DSR में धारा 140(3) के चार मामले दर्ज हैं, जिनमें अपहरण की शिकायतें शामिल हैं। तेजाजी नगर में 49 वर्षीय व्यक्ति के लापता होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई गई। सदर बाजार क्षेत्र में युवती के अपहरण की शिकायत दर्ज हुई। तिलकनगर और कनाड़िया में भी अपहरण से जुड़े मामले सामने आए। इन मामलों में पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ FIR दर्ज करने की नहीं, बल्कि लापता लोगों का पता लगाने और घटनाओं की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाने की भी है।
ऑनलाइन ठगों का नया खेल, ठगी के 3 केस
DSR में 3 धोखाधड़ी के मामले दर्ज हुए। क्षिप्रा में एक शिकायत में अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए 72,335 रुपए ट्रांसफर करवाने का उल्लेख है। चंदननगर में Paytm के जरिए झांसा देकर खाते से 54,640 रुपए ट्रांसफर कराए जाने की शिकायत सामने आई। विजयनगर में प्लॉट दिलाने के नाम पर 8.25 लाख रुपए की डीडी से जुड़ी धोखाधड़ी की आशंका जताई गई है। हालांकि DSR में इसे आशंका के तौर पर दर्ज किया गया है, इसलिए इसे निश्चित ठगी की रकम नहीं माना जा सकता।
इंदौर में शराब का खेल जारी
एक दिन में 12 आबकारी केस, 54 लीटर शराब के बाद 60 लीटर महुआ भी जब्त हुआ। अवैध शराब और शराब से जुड़े मामलों में भी पुलिस कार्रवाई जारी रही। DSR में 12 आबकारी एक्ट के मामले दर्ज हैं। राजेंद्र नगर की कार्रवाई में 300 क्वार्टर यानी 54 बल्क लीटर देशी शराब, जिसकी कीमत करीब 22,800 रुपए बताई गई है, जब्त की गई। महू में करीब 60 लीटर कच्ची महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त किए जाने की जानकारी है।
शराब के बाद जुए और नशे पर भी पुलिस की नजर, 4 केस दर्ज
चंदननगर में NDPS एक्ट के दो मामले दर्ज हुए। वहीं जुआ एक्ट के भी दो मामले सामने आए। एक जुआ कार्रवाई में आरोपियों से 18 हजार रुपए नकद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। यानी एक ही दिन की DSR में शराब, नशे और जुए से जुड़े मामले भी पुलिस रिकॉर्ड का हिस्सा बने।
गाली से लेकर चाकू तक- इंदौर की DSR में हथियारबाजी की दस्तक
सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई दर्ज हुई। वहीं एक अन्य मामले में आरोपी के पास से तेज धार वाला स्टील का चाकू मिलने की जानकारी DSR में है। यह तस्वीर बताती है कि विवादों में सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट तक बात नहीं रुक रही, बल्कि कुछ मामलों में हथियारों के इस्तेमाल या बरामदगी तक मामला पहुंच रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



