हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में चोरी की शिकायत पर पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। फरियादी का आरोप है कि उसने 17 अगस्त को ही चोरी की लिखित शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन सात दिन बीत जाने के बाद भी मामले में FIR दर्ज नहीं की गई। मामला मानिकबाग क्षेत्र में फर्नीचर की दुकान से औजार चोरी होने का बताया जा रहा है।

दरअसल, फरियादी कलाम खान ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि दुकान से कटर मशीन, ड्रिल मशीन, हैमर, मोटर ग्राइंडर और जिग-जैग मशीन समेत अन्य औजार चोरी हुए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि फरियादी के मुताबिक पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद है, यानी पुलिस के सामने जांच के लिए अहम सबूत भी मौजूद हैं। इसके बावजूद शिकायत पर FIR दर्ज नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सात दिन से कार्रवाई का इंतजार, फरियादी परेशान

फरियादी का कहना है कि चोरी की घटना के बाद उसने थाने पहुंचकर शिकायत की, CCTV फुटेज की जानकारी दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। लेकिन आरोप है कि दिन बीतते गए, शिकायत आगे बढ़ती रही और FIR अब तक दर्ज नहीं हुई। अब सवाल यह है कि जब चोरी की शिकायत लिखित में दी जा चुकी है और CCTV फुटेज भी मौजूद है, तो आखिर राजेंद्र नगर पुलिस FIR दर्ज करने में इतनी देरी क्यों कर रही है?

क्या पुलिस पर किसी का दबाव है?

क्या आम फरियादी को FIR दर्ज कराने के लिए भी पुलिस के चक्कर काटने पड़ेंगे? CCTV जैसा सबूत सामने होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होगी तो फिर पुलिस की जांच व्यवस्था पर भरोसा कैसे कायम रहेगा? अब देखना होगा कि राजेंद्र नगर पुलिस इस शिकायत पर कब FIR दर्ज करती है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कब पहुंचती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m