हेमंत शर्मा, इंदौर। एमपी के इंदौर में बीजेपी विधायक ऊषा ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी के “कॉकरोच पार्टी” से समर्थन लेने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उषा ठाकुर ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि जिस राष्ट्रीय दल ने वर्षों तक देश का नेतृत्व किया, आज वह इतनी कमजोर हो गई है कि उसे “कल की पार्टियों” का सहारा लेना पड़ रहा है।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

उषा ठाकुर ने राहुल गांधी के नरेंद्र मोदी को एक साल में प्रधानमंत्री पद से हटाने वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि “मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से किसी को रोका नहीं जा सकता।” उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के षड्यंत्र में जनता शामिल नहीं होने वाली।

UCC को बताया देश की जरूरत

समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर उषा ठाकुर ने कहा कि अच्छे कामों का विरोध हमेशा होता है, लेकिन UCC देश की अनिवार्य आवश्यकता है और इसे जल्द लागू किया जाना चाहिए।

भोजशाला मामले पर कही ये बात

धार की भोजशाला को लेकर उषा ठाकुर ने कहा कि हाईकोर्ट ने उसे मंदिर माना है और पूजा का अधिकार भी दिया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम पक्ष सुप्रीम कोर्ट जाना चाहता है, लेकिन हिंदू पक्ष पहले ही केविएट दायर कर चुका है, इसलिए उनकी बात भी पहले सुनी जाएगी।

गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग

उषा ठाकुर ने गाय को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि गाय किसी धर्म विशेष की नहीं बल्कि सबकी मां है। “गाय कभी यह नहीं कहती कि मैं मुसलमान के बच्चे को दूध नहीं पिलाऊंगी।” उन्होंने कहा कि अगर देशभर में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठ रही है तो यह अच्छी बात है। साथ ही उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान का स्वागत करते हुए कहा कि “देर आए दुरुस्त आए।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m