कटनी। चर्चित और बेशकीमती जमीन खरीदी फर्जीवाड़ा मामले में फरार चल रही कटनी की पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज और महरूख अहमद की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक तरफ जहां SIT ने तीनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ जिला न्यायालय कटनी से आरोपियों को करारा झटका लगा है। कोर्ट ने पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज की अग्रिम जमानत याचिका को निरस्त कर दिया है।

ये भी पढ़ें: मजदूर अचानक बना अमीर, तो खुल गया 54 लाख का राज; ब्लैकमेल कर नाबालिग से चोरी कराया 40 तोला सोना

10 हजार का इनाम घोषित

कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुठला थाने में दर्ज बेशकीमती जमीन की अवैध खरीदी-बिक्री के मामले में FIR दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी लगातार फरार चल रहे हैं। SIT की सिफारिश पर तीनों आरोपियों पर 10 हजार रुपए की राशि का इनाम घोषित किया गया है।

अग्रिम जमानत याचिका निरस्त

आरोपियों की तरफ से 22 अगस्त 2026 को जिला न्यायालय कटनी में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई थी। अधिवक्ताओं ने बचाव में महत्वपूर्ण दस्तावेज पेश किए, लेकिन जिला न्यायालय के विशेष न्यायाधीश ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनवाई के बाद पूर्व सीएसपी नेहा पच्चीसिया और क्षितिज राज की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

ये भी पढ़ें: भागीरथपुरा दूषित पानी कांड: रिपोर्ट हो सार्वजनिक, जिम्मेदारों के खोले जाए राज, HC पहुंचे याचिकाकर्ता की मांग

कौन हैं नेहा पच्चीसिया?

नेहा पच्चीसिया राज्य पुलिस सेवा (SPS) की अधिकारी हैं और पूर्व में कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) के पद पर पदस्थ रह चुकी हैं। कटनी में अपनी पदस्थापना के दौरान वे कई प्रशासनिक और विवादित मामलों को लेकर चर्चा में रही थीं। वर्तमान में कुठला थाना क्षेत्र के एक अरबों-करोड़ों की बेशकीमती जमीन के फर्जीवाड़े में नाम सामने आने और आपराधिक मामला दर्ज होने के बाद से वे फरार चल रही हैं, जिनकी तलाश में पुलिस और एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m