इमरान खान, खंडवा। ओंकारेश्वर में मोरटक्का को जोड़ने वाले फोरलेन सड़क निर्माण के तहत ग्राम पंचायत कोठी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का ग्रामीणों ने विरोध किया। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीम के मौके पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और कार्रवाई पर नाराजगी जताई। इस दौरान कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

ये भी पढ़ें: जिसे समझा ‘महाघोटाला’ वो निकली 490 बोरी की गड़बड़ी! चावल गबन के दावों पर FCI का फुल स्टॉप, SIT जांच जारी!

कार्रवाई के दौरान कई मकान जद में आए

ग्रामीण अनूप पटेल सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के लिए पूर्व में किए गए सीमांकन में निशान सड़क की ओर से लगभग 10 फीट बाहर लगाए गए थे। हालांकि अब अचानक नया सीमांकन करते हुए निशान 10 फीट अंदर, उनके मकानों तक लगा दिए गए हैं। इससे कई मकान कार्रवाई की जद में आ गए हैं और लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

PWD पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप

ग्रामीणों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सड़क के दूसरी ओर खाली जगह और खेत होने के कारण वहां पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, फिर भी सड़क का विस्तार केवल उनकी ओर किया जा रहा है। इससे न केवल उनके मकान प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि सड़क का स्वरूप भी तिरछा हो रहा है। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों का निष्पक्ष सर्वे कर समान रूप से सड़क निर्माण की मांग की है

ये भी पढ़ें: नोटिस किसी और का, बुलडोजर बेसहारा बुजुर्ग के घर पर! प्रशासनिक लापरवाही से मलबे में तब्दील हुई दुर्गाबाई की दुनिया!

1 माह पूर्व अतिक्रमण हटाने का दिया गया नोटिस-SDO

वहीं लोक निर्माण विभाग की एसडीओ सीमा सागर ने बताया कि फोरलेन निर्माण कार्य के लिए प्रभावित लोगों को लगभग एक माह पूर्व ही अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी कर दिए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क के दूसरी ओर ड्रेनेज लाइन प्रस्तावित होने के कारण तकनीकी कारणों से वर्तमान दिशा में सड़क का निर्माण किया जा रहा है। विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m