मध्य प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। मंदिरों को बेहद सुन्दर तरीके से सजाया गया है। जेल से लेकर हर जिले में लोग श्री कृष्ण के अवतार लेने का इंतजार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज केंद्रीय जेल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। वहीं देर शाम वह इस्कॉन मंदिर पहुंचे। 

इस्कॉन मंदिर पहुंचे सीएम डॉ मोहन यादव

शब्बीर अहमद, भोपाल। इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन किया गया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। भव्य महोत्सव में उन्होंने सहभागिता की और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजन-अर्चन किया। मंदिर में भक्तिमय माहौल के बीच जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगे।

CM ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश भी दिया। इस दौरान जन्माष्टमी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। 

केंद्रीय जेल में भी मनी जन्माष्टमी

संजय पाटीदार, भोपाल। केंद्रीय जेल में भी धूमधाम से जन्माष्टमी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। 

जबलपुर के प्रेम मंदिर में कृष्ण जन्मोत्सव की भव्य तैयारी

कुमार इंदर, जबलपुर। प्रेम मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाने की भव्य तैयारी की जा रही है। नेपियर टाउन स्थित प्रसिद्ध प्रेम मंदिर राधा और कृष्ण की अदभुत मंदिर है। 

मंदिरों की नगरी पन्ना में जन्माष्टमी की धूम  

इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मंदिरों की नगरी पन्ना में जन्माष्टमी की धूम है। ऐतिहासिक श्री जुगल किशोर मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। तैयारियां पूरी होते ही ठीक 12 बजे भगवान का जन्म होगा। भगवान जुगल किशोर सरकार हीरा जड़ित मुरलिया धारण करेंगे। बुंदेलखंड सहित देश से श्रद्धालु यहां भगवान के दर्शन करने आते हैं।

नर्मदापुरम में यदुवंशी यादव समाज ने धूमधाम से निकाली शोभायात्रा

दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जन्माष्टमी पर यदुवंशी यादव समाज ने धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। विशेष मार्ग और यात्रा स्थल सेठानी घाट से शुरू होकर सात रास्ते तक पहुंची और दोबारा सेठानी घाट पर इसका समापन हुआ। ​मनमोहक झांकियां दिखाई दी और भगवान श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजे कलाकारों ने सबका मन मोह लिया। ​सांस्कृतिक नृत्य और उत्साह के बीच श्रद्धालुओं ने भजनों पर नृत्य कर यात्रा में सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान ​बारिश में भी आस्था अडिग रही। झमाझम बारिश के बीच भी भक्ति और उत्साह में श्रद्धालु झूमते नजर आए। ​मंदिरों में विशेष सजावट हुई और शहर के सभी प्रमुख मंदिरों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। 

जेल में बंदियों ने मनाई जन्माष्टमी  

संजय वाणी, आलीराजपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आलीराजपुर जिला जेल में बंदियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। जेल परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बंदियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और सद्बुद्धि की कामना की। जेल प्रबंधन की देखरेख में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान जेल परिसर का माहौल भक्तिमय नजर आया।

दुधमनिया के प्रणामी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सिंगरौली जिले के दुधमनिया स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर सत्संग नगर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने लगी। मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और राधा रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं। सड़क से लेकर मंदिर परिसर तक हर तरफ भक्तों की भीड़ और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जन्माष्टमी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे दर्शन के लिए पहुंचे।

मथुरा-वृंदावन जैसा दिखा भक्तिमय माहौल

जन्माष्टमी के मौके पर दुधमनिया का श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार नजर आया। मंदिर परिसर और आसपास का माहौल ऐसा दिखाई दिया, मानो मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन हो रहा हो। भक्त भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के दर्शन के लिए उत्साह के साथ कतार में खड़े रहे।

मंदिर समिति ने पहले से की व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर इंतजाम किए गए। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था के बेहतर इंतजाम किए गए, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

रात 12 बजे होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शाम 7:30 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। इसके बाद रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और देर रात तक मंदिर में भक्तों की मौजूदगी रहने की संभावना है।

अमरकंटक-बिजुरी में उमड़ा यादव समाज का जनसैलाब

न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। जिले में कृष्ण जन्माष्टमी पर अमरकंटक व बिजुरी में यादव समाज का जनसैलाब उमड़ पड़ा। राधा-कृष्ण की भव्य झांकी के साथ निकाली विशाल शोभायात्रा भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य से नगर कृष्णमय हुआ। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर यादव समाज ने पारंपरिक एवं भव्य स्वरूप में विशाल शोभायात्रा निकाली। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य के बीच निकली शोभायात्रा से अमरकंटक व बिजुरी का वातावरण कृष्णमय बना।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m