तनवीर खान, मैहर। किरण राव के निर्देशन में बनी साल 2023 की सुपरहिट फिल्म ‘लापता लेडीज’ से चर्चा में आए बाल कलाकार व अभिनेता सतेंद्र सोनी के साथ धोखाधड़ी और बदसलूकी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मध्य प्रदेश के मैहर शहर आए सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर रोते हुए अपना एक वीडियो पोस्ट कर प्रोड्यूसर पर पैसे हड़पने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के संगीन आरोप लगाए हैं। वीडियो वायरल होते ही मैहर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और अभिनेता को सुरक्षित मुंबई रवाना कर दिया है।

ये है मामला

दरअसल, शुक्रवार को एक्टर सतेंद्र सोनी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में वे फूट-फूटकर रोते हुए अपनी आपबीती सुना रहे थे। सतेंद्र ने आरोप लगाया कि उन्हें फिल्म ‘पेट पालकी’ की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था। उन्होंने पूरी ईमानदारी और शिद्दत के साथ लगातार 8 दिनों तक यहां काम भी किया। लेकिन जैसे ही शूटिंग का शेड्यूल पूरा हुआ, फिल्म के प्रोड्यूसर ने उनकी मेहनत की गाढ़ी कमाई (पारिश्रमिक) देने से साफ मना कर दिया। जब सतेंद्र ने अपने हक के पैसे मांगे, तो पैसे देने के बजाय प्रोड्यूसर ने उन्हें सीधे शब्दों में धमकी दे डाली, जिससे वे गहरे मानसिक तनाव में आ गए।

मैहर पुलिस का जताया आभार

सोशल मीडिया पर एक्टर का रोता हुआ वीडियो वायरल होने के बाद मैहर कोतवाली पुलिस और स्थानीय प्रशासन तुरंत अलर्ट हुआ। पुलिस की मुस्तैदी के बाद आज रविवार की सुबह सतेंद्र सोनी ने रेलवे स्टेशन से अपना एक और वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में वे अपने साथी कलाकारों श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा के साथ नजर आ रहे हैं। सतेंद्र ने सोनी ने वीडियो पोस्ट कर इंस्टाग्राम पर लिखा है, “हम मुंबई सुरक्षित पहुंच गए हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद मैहर पुलिस का और जिन लोगों ने भी हमें इस मुश्किल वक्त में सपोर्ट किया।”

सुरक्षा के साथ मुंबई के लिए किया रवाना

वीडियो में उन्होंने संकट के समय तुरंत मदद का हाथ बढ़ाने के लिए मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह, कोतवाली टीआई अनिमेष द्विवेदी समेत पूरी मैहर पुलिस टीम का दिल से आभार व्यक्त किया है। मैहर कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि जैसे ही कलाकार का वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस के संज्ञान में आया, टीम तुरंत उनके पास पहुंची। कलाकारों ने बताया कि वे अब यहां और काम नहीं करना चाहते हैं। इसके बाद पुलिस ने कलाकारों से बातचीत की और सतेंद्र सोनी समेत उनके साथियों को पूरी सुरक्षा के साथ ट्रेन से मुंबई के लिए रवाना कर दिया। वहीं इस मामले पर पुलिस ने कोई शिकायत न होने फिलहाल कोई मामला कायम नहीं किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m