कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ग्वालियर की विशेष MP-MLA कोर्ट ने जीतू पटवारी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। यह कार्रवाई लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान दिए गए एक विवादित बयान और कोर्ट के नोटिस की लगातार नाफरमानी करने पर की गई है। इस मामले में अदालत ने भिंड पुलिस को कड़ी फटकार लगाते हुए सख्त टिप्पणी भी की है।
ये भी पढ़ें: मंत्री प्रतिमा बागरी की कुर्सी पर संकट? जाति प्रमाणपत्र की जांच के लिए गांव में पिटेगी ‘डोंडी’, 6 जुलाई को छानबीन समिति के सामने पेशी
क्या है पूरा मामला? “BJP से माल लाए हैं बसपा प्रत्याशी”
यह पूरा विवाद लोकसभा चुनाव 2024 के समय का है। 27 अप्रैल 2024 को जीतू पटवारी भिंड के ऊमरी कस्बे में कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस सभा में उन्होंने बसपा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने भाजपा से सांठगांठ कर ली है। पटवारी ने मंच से कहा था कि बसपा प्रत्याशी BJP से माल लाए हैं।
इस बयान से नाराज होकर देवाशीष जरारिया ने 4 मई 2024 को भिंड के ऊमरी थाने में जीतू पटवारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा।
नोटिस के बाद भी नहीं हुए पेश, अब 27 जुलाई को हर हाल में लाना होगा
अदालत ने इस मामले की सुनवाई करते हुए इसी साल 16 जनवरी 2026 को जीतू पटवारी को कोर्ट में पेश होने का नोटिस जारी किया था, लेकिन वे अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। कोर्ट ने इसे अवहेलना बताया और अब विशेष न्यायाधीश ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई 27 जुलाई को तय की गई है और कोर्ट ने पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि अगली तारीख पर जीतू पटवारी को हर हाल में कोर्ट में उपस्थित कराया जाए।
ये भी पढ़ें: MP Politics: दिग्विजय सिंह पर बरसीं कांग्रेस महासचिव निधि चतुर्वेदी, कहा- अपनों के ही इस घातक बाण से कब मुक्त होगी मध्य प्रदेश कांग्रेस?
‘हर जगह दिख रहे जीतू पटवारी, बस पुलिस को नहीं दिख रहे’ – कोर्ट
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने वारंट तामील न करा पाने को लेकर भिंड पुलिस की कार्यप्रणाली पर बेहद तीखी और गंभीर टिप्पणी की। माननीय कोर्ट ने कहा कि जीतू पटवारी हर जगह दिखाई दे रहे हैं, बस पुलिस को ही नजर नहीं आ रहे हैं। कोर्ट की इस तल्ख टिप्पणी के बाद अब पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

