योगेश पाराशर, मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश की दबंगई ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पैसे के लेनदेन को लेकर आरोपी ने एक दलित युवक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे मुर्गा बनाकर अमानवीय हरकत करने पर मजबूर किया। इतना ही नहीं आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बनवाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला अंबाह थाना क्षेत्र का है।
मुरैना के अंबाह थाना क्षेत्र में दबंगई की ये तस्वीरें समाज को झकझोर देने वाली हैं। रेत का पुरा निवासी उई उर्फ धर्मेंद्र तोमर, जो कि पुलिस रिकॉर्ड में आदतन अपराधी बताया जा रहा है, उसने किराए से रहने वाले एक दलित युवक को पैसे समय पर न देने के विवाद में अपने घर बुलाया।
ये भी पढ़ें: डबल मर्डर से दहल उठा रायसेन: भाई के लिए खाना ले जा रही युवती से खेत में जबरदस्ती, विरोध करने पर मारा डाला, घायल आरोपी ने भी तोड़ा दम
पहले मारपीट की, फिर मुर्गा बनाया, इतने में मन नहीं भरा तो…
बताया जा रहा है कि जैसे ही युवक वहां पहुंचा, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद युवक को मुर्गा बनाकर अपमानित किया। इतने में आरोपी का मन नहीं भरा तो उसने सारी हदें पार करते हुए पीड़ित को अपना प्राइवेट पार्ट पकड़ने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान आरोपी के सहयोगियों ने पूरी वारदात मोबाइल कैमरे में कैद कर ली। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
इस घटना ने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखाया है कि कुछ बदमाशों में पुलिस का खौफ कितना कम रह गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर टीम रवाना की और उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: ये मेरा अंतिम फैसला… सरपंच ने खुद को पंचायत भवन में किया कैद, आत्मदाह की चेतावनी दी; जानें पूरा मामला
SDOP ने कही ये बात
एसडीओपी रवि भदौरिया ने इस मामले में बताया कि अंबाह थाना क्षेत्र अंतर्गत एक वीडियो संज्ञान में आया था, जिसमें एक युवक के साथ आरोपी माननीय गरिमा के विरुद्ध कार्य करते हुए दिखाई दे रहा है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही आरोपी को राउंडअप कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

