भोपाल। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक, राजनीतिक और कानूनी गलियारों में कई बड़ी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। ऐतिहासिक भोजशाला विवाद पर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उज्जैन रवाना होंगे। दतिया उपचुनाव में प्रचार का शोर थमने के बाद अब डोर-टू-डोर जनसंपर्क का दौर शुरू हो चुका है। आइए जानते हैं आज की प्रमुख खबरें:

भोजशाला विवाद: सुप्रीम कोर्ट में अंतरिम सुनवाई आज

धार की ऐतिहासिक भोजशाला मामले में आज यानि 29 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में अंतरिम सुनवाई होगी। प्रशासन द्वारा नमाज के लिए सुझाए गए वैकल्पिक स्थलों को मुस्लिम पक्ष द्वारा ठुकराए जाने के बाद मंदिर पक्ष ने भी अपनी कानूनी तैयारी तेज कर दी है। 31 जुलाई को आने वाले शुक्रवार की नमाज की व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से आज की सुनवाई बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

CM डॉ. मोहन यादव का आज का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजधानी भोपाल और उज्जैन में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे:

सुबह 9:30 बजे: भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सुबह 10:20 बजे: भोपाल से उज्जैन के लिए रवाना होंगे और मंदसौर में आयोजित ‘गुरु पूर्णिमा’ कार्यक्रम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।

दोपहर 2:00 बजे: उज्जैन के माधव साइंस कॉलेज पहुंचकर ‘सांदीपनी अलंकरण समारोह 2026’ में शामिल होंगे और नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस: टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश में मुख्य आयोजन आज

दुनियाभर में 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जाता है। ‘टाइगर स्टेट’ के रूप में पहचाने जाने वाले मध्य प्रदेश में बाघ संरक्षण और उनके संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए भोपाल में बड़ा राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां सीएम डॉ. मोहन यादव राज्य के उपलब्धियों का ब्योरा सामने रखेंगे।

दतिया उपचुनाव: थमा प्रचार का शोर, अब डोर-टू-डोर दस्तक

दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनावी रैलियों और जनसभाओं का दौर समाप्त हो चुका है। अब भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी अंतिम समय में घर-घर जाकर मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं। 30 जुलाई को सुबह 8 बजे से मतदान होगा, जबकि मतगणना और परिणाम 3 अगस्त को आएंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

मेडिकल इंटर्न्स का अनोखा प्रदर्शन: आज लगाएंगे रक्तदान शिविर

स्टाइपेंड 14,337 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे MBBS इंटर्न्स ने अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी है। हालांकि, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। सरकार पर दबाव बनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी दर्शाने के लिए इंटर्न्स आज रक्तदान शिविर लगाकर अपना शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m