शब्बीर अहमद, भोपाल/कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक और राजनीतिक हलचलों का सुपर संडे है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना के बाढ़ प्रभावित चित्रकूट में ग्राउंड जीरो का मुआयना करने के बाद ओरछा में आयोजित बीजेपी की हाईप्रोफाइल प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। वहीं, रहवासी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियों पर भोपाल नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई और शिक्षकों का दिल्ली में जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन दिनभर सुर्खियों में रहेगा।

चित्रकूट में बाढ़ का तांडव, हवाई निरीक्षण करेंगे CM मोहन यादव

सतना जिले के चित्रकूट में मूसलाधार बारिश और मंदाकिनी नदी के उफान से भीषण तबाही मची है। पुलिस, प्रशासन और सेना की टीमों ने रातभर ऑपरेशन चलाकर बाढ़ में फंसे करीब 700 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया है।

शनिवार रात अपने सभी पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम रद्द कर सीधे रीवा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 8 बजे रीवा से सतना के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे हैं।

ओरछा में BJP प्रदेश कार्यसमिति का महामंथन; संगठन और चुनावी रणनीति पर बनेगी रूपरेखा

ओरछा के होटल राजमहल में आज से भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो रही है। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित सभी सांसद, मंत्री व जिलाध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

14 साल बाद ओरछा में हो रही इस बैठक में ‘विकसित भारत 2047’, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा।

भोपाल के रहवासी इलाकों में कमर्शियल गतिविधियों पर नगर निगम सख्त

राजधानी भोपाल में रिहाइशी इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर नगर निगम ने शिकंजा कस दिया है। रक्षाबंधन का त्योहार बीतते ही निगम ने 180 व्यावसायिक संस्थानों को 24 घंटे के भीतर व्यापार बंद करने का अंतिम नोटिस जारी किया है।

हाई कोर्ट के आदेश के तहत 15 सितंबर तक रिपोर्ट पेश करनी है। सोमवार से नगर निगम सख्ती से सीलिंग अभियान शुरू करेगा। बता दें कि निगम अब तक 8 हजार से अधिक संस्थानों को नोटिस थमा चुका है।

TET अनिवार्यता के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन; MP से पहुंचे हजारों शिक्षक

TET की अनिवार्यता के विरोध में आज देशभर के शिक्षक दिल्ली के जंतर-मंतर पर एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं। मध्य प्रदेश से हजारों शिक्षक दिल्ली पहुंचे हैं जो केंद्र सरकार से टीईटी की अनिवार्यता को समाप्त करने के लिए अध्यादेश लाने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन को दबाने के लिए मध्य प्रदेश के कई जिलों से शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का भी आरोप लगा है।

नीलम पार्क में चयनित शिक्षकों का आंदोलन 10वें दिन जारी; प्रशासन पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदवृद्धि की मांग को लेकर चयनित अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन 10वें दिन भी जारी है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि आंदोलन को दबाने के लिए प्रशासन द्वारा नीलम पार्क का शौचालय देर रात बंद कर दिया गया, जिससे महिला अभ्यर्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती वर्ग-3 में 25,000 और वर्ग-2 के विभिन्न विषयों में 3,000 पदों की वृद्धि की मांग पर अड़े हुए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m