शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की आज सुबह की बड़ी खबरें राजनीति, प्रशासनिक कार्रवाई, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। जानिए आज की प्रमुख सुर्खियों का पूरा अपडेट:

मुख्यमंत्री मोहन यादव के दुबई दौरे का तीसरा दिन

यूएई यात्रा पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दुबई में डीपी वर्ल्ड, क्रेसेंट ग्रुप, जेम्स एजुकेशन, चोइथराम्स और Pure Health जैसे प्रमुख वैश्विक उद्योगपतियों व निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से भेंटकर उन्हें ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027’ के लिए आमंत्रित करेंगे।

शराब कांड में बड़ा एक्शन: बंडा SDOP और SDM हटाए गए

सागर जिले में हुई जहरीली शराब त्रासदी में प्रशासनिक ढिलाई पर शासन ने सख्त रुख अपनाया है। बंडा के एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को हटाकर PHQ अटैक किया गया है, उनकी जगह रोहित लखारे नए एसडीओपी बने हैं। वहीं बंडा एसडीएम आरती यादव को हटाकर संजय कुमार को कमान सौंपी गई है। उधर, एयरलिफ्ट कर भोपाल एम्स लाए गए मरीज राम प्रसाद लोधी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौत हो चुकी है।

आबकारी विभाग का अवैध शराब के खिलाफ पूरे प्रदेश में विशेष अभियान

सागर शराब त्रासदी के बाद आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना ने प्रदेशभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। ग्वालियर में हाईवे पर ‘महाकाल पंडित ढाबे’ पर आबकारी टीम ने दबिश देकर करीब 2300 लीटर अमानक स्प्रिट (इथेनॉल) और अवैध शराब जब्त कर 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

‘जूडा’ का विरोध प्रदर्शन: आज से रूटीन OPD और इलेक्टिव OT सेवाएं ठप

स्टाइपेंड वृद्धि की मांग कर रहे MBBS इंटर्न्स पर पुलिस द्वारा वाटर कैनन और बल प्रयोग किए जाने से नाराज जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JUDA) ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है। जूडा के समर्थन के बाद आज से प्रदेशभर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रूटीन ओपीडी (OPD) और इलेक्टिव ओटी (OT) सेवाएं बंद रहेंगी। हालांकि, मरीजों की सहूलियत के लिए इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर सेवाएं जारी रहेंगी।

MP TET परीक्षा पर फंसा पेंच: 12 अक्टूबर की परीक्षा तिथि टलना तय!

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) ऑफलाइन कराने का प्रस्ताव जब कर्मचारी चयन मंडल (ESB) को भेजा गया, तो ईएसबी ने हाथ खड़े कर दिए। ईएसबी ने कहा कि वह 7 साल से केवल ऑनलाइन परीक्षा करा रहा है, ऑफलाइन के लिए नई एजेंसी चुननी होगी। ईएसबी ने ऑनलाइन आवेदन की तिथि 18 सितंबर तक बढ़ा दी है, जिससे 12 अक्टूबर को प्रस्तावित परीक्षा का टलना लगभग तय माना जा रहा है।

राजधानी भोपाल में 365 जिम पर GST का छापा

भोपाल के प्रसिद्ध ‘365 जिम’ पर टैक्स चोरी की आशंका में जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जीएसटी टीम की दबिश पड़ते ही जिम की 4 शाखाएं बंद हो गईं, जबकि चुना भट्टी स्थित शाखा पर जीएसटी अधिकारी दस्तावेजों और ऑनलाइन वित्तीय रिकॉर्ड्स को खंगालने में जुटे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m