भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। इस बैठक में कई बड़े और जनहित के प्रस्ताव रखे जाएंगे। सबसे अहम प्रस्ताव भोपाल-इंदौर मेट्रो रेल परियोजना को लेकर है। नगरीय विकास विभाग आज कैबिनेट में मेट्रो परियोजना की लागत वृद्धि का प्रस्ताव रखेगा। महंगाई बढ़ने के कारण परियोजना की लागत में पुनरीक्षण किया गया है। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही मेट्रो रेल परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर चुके हैं। भोपाल और इंदौर दोनों शहरों में मेट्रो प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाने पर सरकार का पूरा फोकस है।
अन्य प्रस्ताव:
- कृषि विभाग मंडी टैक्स को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखेगा।
- युवाओं और महिलाओं के हित में भी कई प्रस्ताव बैठक में आने वाले हैं।
- इसके अलावा विकास कार्यों से जुड़े अन्य अहम फैसले भी आज लिए जा सकते हैं।
आज कर्नाटक जाएंगे एमपी कांग्रेस के विधायक
एमपी में कांग्रेस के कब्जे वाली राज्यसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार उतरने के बाद मामला बेहद दिलचस्प हो गया है। सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद बीजेपी के उम्मीदवार महेश केवट ने अपना नॉमिनेशन फॉर्म जमा किया।इसके बाद सोमवार देर शाम नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बंगले पर कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई। इसमें सभी विधायकों को कहा गया कि वे करीब दस दिनों के हिसाब से यात्रा की तैयारी रखें और आज यानी मंगलवार को भोपाल से कांग्रेस के विधायक कर्नाटक के लिए रवाना होंगे।
MP सरकार आज फिर लेगी ₹1800 करोड़ का नया कर्ज
मध्य प्रदेश सरकार मंगलवार को दो किस्तों में 1800 करोड़ रुपए का कर्ज बाजार से लेगी। सरकार ने दो अलग-अलग राज्य विकास ऋण के रि-इश्यू का नोटिफिकेशन किया है। इस 1800 करोड़ रुपए के कर्ज के बाद राज्य सरकार पर चालू वित्त वर्ष में 11 हजार करोड़ का कर्ज हो जाएगा। उधर, नए कर्ज के साथ राज्य सरकार पर कुल कर्ज 4 लाख 99 हजार 714 करोड़ रुपए हो जाएगा।

