शिखिल ब्यौहार, भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के इंदौर प्रवास पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे युवाओं और विद्यार्थियों के मुद्दों को लेकर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी आज शाम 6 बजे इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे प्रदेशभर से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे और उनकी मांगों, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार जैसे अहम विषयों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात राहुल गांधी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।
UPI लेन देन पर टैक्स की मार से व्यापारी परेशान
राजधानी भोपाल में यूपीआई (UPI) के जरिए होने वाले डिजिटल लेन-देन पर 0.4% टैक्स लगाए जाने के विरोध में व्यापारी लामबंद हो गए हैं। कारोबारियों का कहना है कि इस फैसले से न केवल व्यापार प्रभावित होगा, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार के डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के अभियान को भी झटका लगेगा।टैक्स के विरोध में भोपाल शहर के व्यापारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल आज मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा से मुलाकात करेगा। इस दौरान व्यापारी उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियों से अवगत कराएंगे और 0.4% टैक्स के फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज देंगे मेधावी छात्रों को स्कूटी
मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों के होनहार विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजधानी भोपाल से बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को आज स्कूटी वितरित की जाएगी।इस भव्य राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में किया गया है। यहाँ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं उपस्थित रहकर मेधावी छात्रों को स्कूटी की चाबी सौंपेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के अन्य जिलों के टॉपर्स और जनप्रतिनिधि भी वर्चुअली जुड़ेंगे।
CM डॉ, मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सुबह 8:50 बजे शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उमावि भोपाल पहुंचेंगे। यहां सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री स्कूटी प्रदाय योजना के तहत निःशुल्क स्कूटी वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 10:15 बजे स्टेट हैंगर भोपाल पहुंचकर 10:40 बजे हेलीकॉप्टर से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। 11:25 बजे हेलीपेड उज्जैन आगमन के बाद 11:40 बजे होटल अंजुश्री में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद सीएम दोपहर 1:30 बजे फ्रिगंज, उज्जैन में स्थानीय कार्यक्रम, दोपहर 2 बजे वीसी के माध्यम से सतना में बलराम कृषि महोत्सव में जुड़ेंगे। दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक विक्रम उद्योगपुरी, उज्जैन में जे.के. लाइफ केयर सेंटर प्रा. लि. की नवीन उत्पादन इकाइयों का लोकार्पण करेंगे। शाम 4 बजे गीता भवन, देवास रोड, उज्जैन में कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 5:45 बजे हेलीपेड उज्जैन से स्टेट हैंगर भोपाल के लिए रवाना होंगे और शाम 6:50 बजे निवास पहुंचेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



