शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। कल राज्यपाल मंगूभाई पटेल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही स्थगित हो गई थी, और आज सदन में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
- नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विभाग से जुड़ा पहला बड़ा सवाल कांग्रेस विधायक आतिफ अकील द्वारा उठाया जाएगा। वे भोपाल में आवारा कुत्तों की समस्या पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के हमलों और जन सुरक्षा को लेकर यह मुद्दा काफी गर्म है।
- जल संसाधन विभाग पर सीनियर बीजेपी विधायक जयंत मलैया ने भी निशाना साधा है। उन्होंने दमोह जिले में अधूरी सिंचाई परियोजना को लेकर जल संसाधन मंत्री से ध्यानाकर्षण मांगा है। किसानों की सिंचाई की समस्या को लेकर यह सवाल सदन में गूंज सकता है।
- आज वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा अनुपूरक बजट (Supplementary Budget) सदन में पेश किया जाएगा। यह अनुपूरक बजट फरवरी-मार्च महीने के खर्चों को चलाने के लिए है। अनुमान है कि यह 10 से 15 हजार करोड़ रुपये के आसपास का हो सकता है। सत्र 6 मार्च तक चलेगा, और आने वाले दिनों में मुख्य बजट 2026-27 पर भी चर्चा होगी।
भाजपा विधायक दल की बैठक आज
आज शाम भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक मुख्यमंत्री आवास में होने जा रही है। बैठक शाम 8 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आवास पर होगी। इसमें मुख्यमंत्री खुद मंत्रियों और विधायकों के साथ चर्चा करेंगे। सदन में विपक्ष के सवालों का मजबूत जवाब देने की रणनीति बनाना। आगामी बजट (18 फरवरी को पेश होने वाला) और विभिन्न मुद्दों पर विधायकों को तैयार करना। बैठक में आगामी विधानसभा की पूरी रणनीति पर मंथन होगा – जिसमें हंगामा, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और बहस के दौरान सरकार की स्थिति मजबूत रखने पर जोर रहेगा।
बता दें कि कल पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही स्थगित हो गई थी। कांग्रेस ने भी पहले ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अध्यक्षता में विधायक दल की बैठक कर सरकार को घेरने की तैयारी पूरी कर ली है। अब बीजेपी की तरफ से आज की बैठक में मजबूत काउंटर प्लान तैयार होने की उम्मीद है।
भोपाल में IAS के फर्जी अकाउंट से ठगी का प्रयास
वरिष्ठ IAS अधिकारी और भोपाल नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर ठगी का प्रयास किया गया है। ठगों ने संस्कृति जैन की फोटो डीपी में लगाकर फर्जी अकाउंट बनाया। निगम के ही सहायक यंत्री विजय गोयल को 3 मैसेज भेजे गए, जिसमें रुपयों की मांग की गई। यह मामला पिछले 4 महीनों में दूसरी बार सामने आया है। 7 नवंबर 2025 को भी उनके नाम पर फर्जी अकाउंट बनाकर ठगी की कोशिश हुई थी। पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट ने इसकी जांच शुरू कर दी है। ठगों ने पहले भी भोपाल पुलिस कमिश्नर, धार कलेक्टर जैसे अधिकारियों के नाम पर ऐसे अकाउंट बनाए थे।

