संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के जोबट के बायपास रोड पर स्थित चौहान पेट्रोल पंप से चार दिन पहले जोबट निवासी रघुनंदन शर्मा की HF Deluxe बाइक चोरी होने के बाद अब मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है।
दरअसल, बीती रात पेट्रोल पंप के पीछे अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात व्यक्ति ने कागज चस्पा किए। इन कागजों पर बाइक चोरी और उसे वापस करवाने से जुड़ा संदेश लिखा हुआ है। पूरी गतिविधि पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है।

चस्पा किए गए कागज पर लिखा है कि “आप किसी पुलिस वाले को नहीं बताना … आपको गाड़ी नहीं मिलेगा…” वहीं आगे बाइक वापस करवाने की बात लिखी गई है। कागज में चोरी हुई बाइक का नंबर MP-69 MB-330 बताया गया है और एक Instagram ID पर SMS करने का भी उल्लेख किया गया है। संदेश की भाषा और लिखे गए शब्दों को लेकर मामला और भी रहस्यमय बन गया है।
बताया जा रहा है कि रघुनंदन शर्मा की बाइक चार दिन पहले चौहान पेट्रोल पंप से चोरी हुई थी। इसके बाद बीती रात पंप के पीछे एक व्यक्ति पहुंचा और अलग-अलग स्थानों पर ये कागज चस्पा करता दिखाई दिया। CCTV फुटेज में व्यक्ति की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, जिससे अब पुलिस के लिए यह फुटेज महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।
कागज में “जोबट से चोरी हुई गाड़ी वापस करवा” जैसी बातें भी लिखी गई हैं। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए संपर्क करने का संकेत दिया गया है। इससे यह सवाल भी खड़ा हो रहा है कि कागज चस्पा करने वाला व्यक्ति कौन है और उसका चोरी हुई बाइक से क्या संबंध है।
हालांकि कागज किसने चस्पा किए और उसमें लिखे संदेश का वास्तविक मकसद क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल CCTV फुटेज और चस्पा किए गए कागज पुलिस के लिए जांच में अहम साक्ष्य हो सकते हैं।
घटना के बाद पेट्रोल पंप और आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है। बाइक चोरी के बाद इस तरह का संदेश सामने आने से मामला सामान्य चोरी से अलग नजर आ रहा है। लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर बाइक बरामद करने और आरोपियों तक पहुंचने की मांग की है।
पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि यह संदेश चोरों की ओर से छोड़ा गया था या किसी अन्य व्यक्ति ने जानबूझकर यह कागज चस्पा किए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


