कमल वर्मा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला डॉक्टर को शादी का झांसा देकर उसके दोस्त ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया। शादी के नाम पर बीते दस साल से आरोपी महिला डॉक्टर का शोषण कर रहा है और अब उसे पता चला है कि जिससे वह शादी के सपने संजोए बैठी है वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। इसका पता चलते ही पीड़िता ने पन्ना पुलिस से शिकायत की। जिस पर पन्ना पुलिस ने जीरो पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया और घटनास्थल थाटीपुर थाना क्षेत्र का होने पर केस डायरी थाटीपुर थाने भेज दी है, जिस पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शादी का वादा कर करता रहा दुष्कर्म
दरअसल पन्ना जिले की रहने वाली 29 वर्षीय युवती डॉक्टर है। पीड़िता अभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ हैं। साल 2014 में वह ग्वालियर में डॉक्टरी की तैयारी करने आई थी। उस समय वह हॉस्टल की रूममेट ने उसका मोबाइल नंबर अपने दोस्त पंकज धाकड़ को दे दिया। इसके बाद से पंकज उसे कॉल कर परेशान करने लगा। जब उसने उसे परेशान करने से मना किया तो पंकज ने उससे कहा कि वह एक बार उससे मिल ले तो वह उसे परेशान नहीं करेगा, जिस पर वह तैयार हो गई। जिसके बाद वह उसे लेकर थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने एक दोस्त के कमरे पर ले गया यहां उसने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने उससे शादी का वादा किया और उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
शादीशुदा होने की छुपाई बात
पीड़िता ने बताया कि साल 2017 में उसका एडमिशन सागर के मेडिकल कॉलेज में हो गया और वह सागर चली गई और जिसके बाद साल 2019 तक उनकी कोई भी बातचीत नहीं हुई। साल 2020 में जब उसका जन्मदिन था तो पंकज ने उसे विश किया और इसके बाद वह उससे मिलने आया। यहां फिर उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद वह खुद की जान देने की धमकी देकर उसे इमोशनली ब्लैकमेल करने लगा और उसका शोषण करता रहा। अभी जब उसकी एक मित्र से बातचीत हुई तो पता चला कि पंकज पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। इसका पता चलते ही उसने अपने स्तर पर पड़ताल की तो मामले की पुष्टि हुई जिसके बाद महिला डॉक्टर ने पन्ना में पुलिस से इसकी शिकायत की।
पुलिस ने किया केस दर्ज
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और केस डायरी ग्वालियर जिले के थाटीपुर थाना पुलिस को भेज दी। क्योंकि घटनास्थल थाटीपुर थाना क्षेत्र का था। जिसके बाद थाटीपुर पुलिस ने जांच कर आरोपी पंकज के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी हैं।


