पवन राय, मंडला। एमपी के मंडला जिले के मवई विकासखंड के जंगल से घर लौट रहे एक आदिवासी युवक पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। भालू के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना मवई विकासखंड के वन ग्राम सैदा की है। जानकारी के मुताबिक आदिवासी युवक जंगल से घर लौट रहा था। तभी अचानक झाड़ियों से निकले भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू ने युवक को बुरी तरह नोचा और जख्मी कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को भालू के चंगुल से बचाया। गंभीर हालत में उसे पहले मवई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। आरोप है कि वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। अब सवाल ये है कि वनांचल में रहने वाले लोगों के लिए समय पर इलाज की व्यवस्था क्यों नहीं है?
फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है। वन विभाग और पुलिस की टीम ने इलाके में सर्चिंग शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में भालू और अन्य जंगली जानवरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रशासन से मांग है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। एक तरफ जंगल और जानवरों का खतरा, दूसरी तरफ स्वास्थ्य सुविधा की कमी। वन ग्राम सैदा की ये घटना सिस्टम पर कई सवाल छोड़ गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


